अफीम की फसल खराब: दुष्यंत, सीपी, कृपलानी मिले केन्द्रीय वित्त मंत्री से

प्रदेश में ओलावृष्टि से अफीम काश्तकारों को हुए नुकसान को लेकर सांसद श्री दुष्यंत सिंह के नेतृत्व में सांसद श्री सीपी जोशी एवं विधाय

 | 

प्रदेश में ओलावृष्टि से अफीम काश्तकारों को हुए नुकसान को लेकर सांसद श्री दुष्यंत सिंह के नेतृत्व में सांसद श्री सीपी जोशी एवं विधायक श्री श्रीचन्द्र कृपलानी केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री जयंत सिन्हा से मिले और तत्काल सर्वे करवाकर अफीम काश्तकारों को राहत प्रदान करने की मांग की।

केन्द्रीय वित्त मंत्री के अलावा ये जनप्रतिनिधि अतिरिक्त सचिव राजस्व रश्मि वर्मा से भी मिले। अफीम की फसलों में नुकसान उदयपुर, भीलवाड़ा, झालावाड़, बारां, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और कोटा के काश्तकारों को हुआ है।

अफीम की खेती में हुए भारी खराबे पर चर्चा करते हुए इन जनप्रतिनिधियों ने केन्द्रीय राज्यमंत्री को बताया कि किसान अफीम डोडा में चीरा लगा चुके हैं। ऐसी विकट परिस्थिति में औसत देना उनके लिए कतई संभव नहीं है। जनप्रतिनिधियों ने केन्द्र से मांग की है कि इन किसानों को मुआवजा राशि देने के साथ ही औसत में भी छूट प्रदान की जाये।

अफीम की खेती को फसल बीमा में शामिल करें

जनप्रतिनिधियों ने वित्त राज्यमंत्री से फसल खराबे के आंकलन के लिए केन्द्रीय जांच टीम शीघ्र भिजवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अफीम की फसल को भी अन्य फसलों की तरह फसल बीमा में शामिल किया जाये। इन जनप्रतिनिधियों ने केन्द्र से मांग की है कि न्यायालय के मुकदमों से दोष मुक्त हुए अफीम किसानों को उत्पादन के लिए लाइसेंस भी शीघ्र जारी किये जायें।

10-10 आरी के पट्टे जारी किये जायें

सांसदों एवं विधायक ने कहा कि जिन किसानों के पट्टे औसत एवं अन्य कारणों से कट गये हैं, उन्हें भी वापस बहाल किया जाये और ऐसे किसानों को कृषि से जोड़कर मुख्यधारा में लाया जाये। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अफीम किसानों को 15 व 20 आरी के पट्टे जारी किये जा रहे हैं, जिनके स्थान पर 10-10 आरी के पट्टे जारी किये जायें, ताकि अफीम किसानों की संख्या बढ़ाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने की फोन पर बात

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने वित्त राज्यमंत्री श्री जयंत सिन्हा से फोन पर बात कर उन्हें अफीम किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। श्रीमती राजे ने ओलावृष्टि के कारण इन किसानों को हुए नुकसान के संबंध में चर्चा करते हुए उन्हें तत्काल राहत देने का आग्रह भी किया।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal