हरियाणा में धान खरीद को लेकर तैयारियां पूरी, किसानों से कृषि मंत्री ने की ये खास अपील

 | 
हरियाणा में धान खरीद को लेकर तैयारियां पूरी, किसानों से कृषि मंत्री ने की ये खास अपील 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में 249 मंडियां हैं। वर्तमान में कुछ मंडियों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों द्वारा दर्ज की गई फसल का सत्यापन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में किसानों की फसल का सैटेलाइट के माध्यम से सत्यापन हो चुका है, जबकि शेष मामलों का मैनुअल सत्यापन किया जा रहा है। 

इसके लिए उपायुक्त, एसडीएम, तहसीलदार और पटवारी स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद औसत उत्पादन के आधार पर धान खरीद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। किसानों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे संयम बनाए रखें और खरीद प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करें।

मंत्री श्याम सिंह राणा बुधवार को करनाल में नमो क्रिकेट लीग के समापन कार्यक्रम के पश्चात पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस बार मंडियों में जियो फेंसिंग की व्यवस्था की गई है। मंडी में प्रवेश के बाद ही गेट पास जारी होगा। 

उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पराली प्रबंधन को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। 

किसानों को पराली प्रबंधन के लिए मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है और पराली का उपयोग विभिन्न स्तरों पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों को खेत में मिलाने से भूमि में कार्बन की मात्रा बढ़ती है तथा इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है। सरकार किसानों को पराली प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News