महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियाँ प्रारम्भ
राज्य सरकार के निर्देशानुसार महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के छात्र कल्याण निदेशालय ने संषोधित कार्यक्रमानुसार दिनांक 26 अगस्त, 2015 बुधवार को छात्रसंघ चुनाव आयोजन के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के छात्र कल्याण निदेशालय ने संषोधित कार्यक्रमानुसार दिनांक 26 अगस्त, 2015 बुधवार को छात्रसंघ चुनाव आयोजन के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
मंगलवार दिनांक 11 अगस्त, 2015 को विश्वविद्यालय केन्द्रीय छात्रसंघ के साथ ही विभिन्न महाविद्यालयों के छात्रसंघों के चुनाव की अधिसूचना जारी की गई। अधिसूचना के साथ ही विश्वविद्यालय में आचार संहिता लागू हो गई है तथा सभी छात्रों, प्रत्याशियों द्वारा इसकी पालना सुनिश्चित करने हेतु पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये है।
आचार संहिता के उल्लंघन पर विश्वविद्यालय द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही करने तथा संबंधित प्रत्याशियों को चुनाव के अयोग्य भी घोषित किया जा सकेगा।
दिनांक 13 अगस्त, 2015 को मतदान सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा तथा 21 अगस्त, 2015 को ही प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक विभिन्न पदों यथा अध्यक्ष, महासचिव तथा संयुक्त सचिव-कोषाध्यक्ष हेतु नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। दिनांक 22 अगस्त, 2015 को प्रत्याशियों की नाम वापस लेने के बाद अन्तिम सूची जारी की जावेगी तथा 26 अगस्त, 2015 को सुबह 8.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक छात्र अपने-अपने महाविद्यालयों में मतदान कर सकेंगे। दिनांक 26 अगस्त, 2015 को सायं मतगणना के पश्चात् परिणामों की घोषणा तथा निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. वाई.सी. भट्ट द्वारा चुनाव हेतु महाविद्यालयों के लिए निर्वाचन अधिकारी तथा मतगणना हेतु समिति का गठन किया गया। चुनाव छात्रसंघ के संविधान, लिंगदोह कमेटी व राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सम्पन्न कराये जायेगे । इस हेतु मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश सभी संगठक महाविद्यालयों को भेजे गये है।