ग्वार, हल्दी और धनिया के भाव में तेजी ! जाने क्या आगे भी कीमतों में आएगा उछाल ?

 | 
ग्वार, हल्दी और धनिया के भाव में तेजी ! जाने क्या आगे भी कीमतों में आएगा उछाल  ?

Udaipur Times, Commodity Corner : देशभर की कृषि मंडियों में ग्वार की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। घरेलू बाजार में ग्वार गम 7 महीने के उच्च स्तर पर पहुंचकर 12,300 रुपये प्रति क्विंटल के पार निकल गया है, जबकि ग्वार सीड का भाव 6,300 रुपये के करीब पहुंच गया है। कमजोर मानसून और कम बुआई के कारण आने वाले दिनों में भी कीमतों में तेजी बनी रहने की संभावना जताई जा रही है।

जुलाई महीने में अब तक ग्वार गम में करीब 6 प्रतिशत और ग्वार के बीज में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले एक सप्ताह में ग्वार सीड के भाव में 5 प्रतिशत और ग्वार गम में 7 फीसदी की तेजी आई है। वहीं छह महीने के दौरान ग्वार के बीज करीब 14 प्रतिशत और ग्वार गम 21 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है।

हल्दी और धनिया की कीमतों में भी बढ़ोतरी

इधर, हल्दी और धनिया की कीमतों में भी लगातार तेजी बनी हुई है। NCDEX पर हल्दी का अगस्त वायदा जनवरी 2026 के बाद पहली बार 18,700 रुपये के स्तर तक पहुंच गया है। पिछले पांच महीनों में हल्दी की कीमतों में 19 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।

धनिया में भी लगातार पांचवें महीने तेजी जारी है। अगस्त वायदा 16,100 रुपये के पार पहुंच गया है। बीते पांच महीनों में धनिया के दाम करीब 35 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में सप्लाई कम होने से कीमतों को लगातार समर्थन मिल रहा है।

कमजोर मानसून का असर ग्वार की फसल

एग्री कमोडिटी विशेषज्ञ पुखराज चोपड़ा के अनुसार, कमजोर मानसून का असर ग्वार की फसल पर साफ दिखाई दे रहा है। बीकानेर क्षेत्र में मानसून पहुंचने के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं हुई है और IMD ने 21 जुलाई तक भी अच्छी बारिश की संभावना कम बताई है। फिलहाल ग्वार की केवल 34 फीसदी बुआई हुई है, जबकि बाजार में करीब 25 हजार टन की मांग लगातार बनी हुई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी मानसून कमजोर रहा, तो पिछले साल की तुलना में ग्वार का उत्पादन कम हो सकता है और इसकी वजह से ग्वार सीड व ग्वार गम के दाम में और तेजी देखने को मिल सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News