पंजाब की बेटी ने रचा इतिहास, देशभर में हासिल किया प्रथम स्थान

 | 
पंजाब की बेटी ने रचा इतिहास, देशभर में हासिल किया प्रथम स्थान 

Udaipur Times, Punjab news : पंजाब के लोगों के लिए बड़ी ख़ुशी की खबर है। पंजाब के मानसा स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर पंजाब का नाम रोशन किया है। जानकारी के मुताबिक, उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर और उनके प्रशिक्षक गुरबिंदर सिंह को 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इसके साथ ही शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे पंजाब के लिए गर्व का क्षण है। जसप्रीत की मेहनत, लगन और समर्पण प्रदेश के युवाओं को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि CM भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इसके अलावा बैंस ने कहा कि जसप्रीत और उनके प्रशिक्षक को नकद पुरस्कार देने का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों और प्रशिक्षकों को बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने जसप्रीत के माता-पिता, ITI मानसा के प्रिंसिपल और उनकी सफलता में योगदान देने वाले सभी प्रशिक्षकों को भी बधाई दी।

शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के सभी ITI के प्रिंसिपलों से विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और बेहतर मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण को पूरी लगन, दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ हासिल करने का आह्वान किया।

तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप ने भी जसप्रीत कौर की उपलब्धि को पूरे विभाग के लिए गर्व का क्षण बताया। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News