Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल रहा है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों पर पड़ रहा है। इससे श्रीगंगानगर, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, नागौर और जैसलमेर जिलों में शनिवार को हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने 15 नवंबर को भी 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बीकानेर संभाग के जिलों में शुक्रवार को हवा चलने के साथ आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
बीते 24 घंटे के दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, फलोदी, जैसलमेर, झुंझुनूं के एरिया में दोपहर बाद हल्के बादल छाए। इन जिलों में दिन में हल्की ठंडी हवा चली। शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा। जबकि, बाड़मेर में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
सबसे ठंडी रात हिल स्टेशन माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक 14 नवंबर को 6 जिलों में बादल छाने के साथ तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 नवंबर को 8 जिलों में यलो अलर्ट है।