हरियाणा के इन जिलों में बारिश का अलर्ट, जाने मौसम विभाग का ताजा अपडेट
Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में आज मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। जिसके चलते आज रविवार दोपहर बाद भिवानी, रोहतक, सोनीपत, कैथल के पूंडरी और फतेहाबाद के रतिया में बारिश हुई। मौसम विभाग ने रात 8 बजे तक गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत समेत आसपास के इलाकों में तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के मुताबिक शनिवार तक जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
2 जुलाई तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने जानकारी दी है कि राज्य में 2 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और हवाओं की दिशा में बदलाव होने की संभावना है।
प्री-मानसून की बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलने से वातावरण में नमी बढ़ेगी और तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। जिस कारण कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना जताई है। 2 जुलाई के बाद मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से प्री-मानसून बारिश के आसार हैं।
