हरियाणा के इन जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी, जाने मौसम विभाग का बड़ा अपडेट
Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है। इन दिनों प्रदेश में गर्मी और उमस का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बीते कल सोमवार को प्रदेश के 11 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रोहतक में रिकॉर्ड हुआ।
इसके बाद सिरसा (43.4), हिसार (43.3) और भिवानी (43.0) सबसे गर्म रहे। जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा।
आज इन जिलों में बारिश के आसार
विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 15 जिलों में बारिश की आशंका है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर शामिल हैं। जबकि अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ क्षेत्र में भी हल्की बारिश के संकेत हैं।
वहीं दूसरी और रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
कल से प्री-मानसून होगा एक्टिव
मौसम विभाग के मुताबिक 1 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी और प्री-मानसून की गतिविधियां बढ़ेंगी। 2 और 3 जुलाई को उत्तर एवं उत्तर-पूर्वी हरियाणा में अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। इसी दौरान मानसूनी हवाएं प्रदेश में अधिक सक्रिय होंगी, जिससे तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी।
