Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। जिसके चलते प्रदेश में सर्दी का आगमन हो गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की बीकानेर, जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा। जबकि अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली, फतेहपुर (सीकर) में भी रविवार को दिन सामान्य से ज्यादा ठंडा रहा।
विभाग की जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब अगले तीन-चार दिन मौसम ड्राई रहेगा। इस दौरान शहरों में रात में सर्दी बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकलेगी।
बीते 24 घंटे का मौसम देखें तो रविवार को अजमेर, सीकर समेत अन्य शहरों में बादल छाए, जिससे यहां दिन के तापमान में गिरावट हुई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पाली में 34.4, बाड़मेर में 34, अजमेर में 33.1, जोधपुर में 32.3, डूंगरपुर में 32.3, भीलवाड़ा में 33 और टोंक में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक , वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बाद अब राजस्थान में आज से रात में सर्दी तेज होने की संभावना है। श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर समेत अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने का अनुमान है।