हरियाणा के इन जिलों में होगी बारिश, देखें विभाग की ताजा रिपोर्ट

 | 
हरियाणा के इन जिलों में होगी बारिश, देखें विभाग की ताजा रिपोर्ट 

Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने पूरी तरह से करवट ली हुई है। जिसके चलते प्रदेश में सुबह और रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसत 0.6°C की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद 2 प्रमुख शहरों में न्यूनतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।

विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 से 23 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। मगर 24 अक्टूबर से मौसम में बदलाव होगा और सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद जिलों में बारिश व बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान गुरुग्राम (14.0°C) दर्ज किया गया, जबकि पंचकूला में पारा 14.7°C रिकॉर्ड हुआ। नारनौल में भी तापमान 15.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1°C कम है।

इसके अलावा रात और सुबह जहां गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है, वहीं दोपहर के समय धूप खिलने से तापमान 30 से 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सिरसा (35.0°C) सबसे गर्म दर्ज किया गया।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी होने से 22 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News