हरियाणा में बरसात का पानी अब जाएगा राजस्थान ! दर्जनों गांवों को मिलेगा बड़ा फायदा

 | 
हरियाणा में बरसात का पानी अब जाएगा राजस्थान ! दर्जनों गांवों को मिलेगा बड़ा फायदा 

Udaipur Times, Haryana-Rajasthan News : राजस्थान सरकार अब हरियाणा के हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन (सेमनाला) के बरसाती पानी का उपयोग की तैयारी में है। राजस्थान सिंचाई विभाग ने सिरसा-फतेहाबाद सीमा से सटे रामसरा-मेहराना गांव के पास से नई ड्रेन निकालकर भादरा तहसील तक 700 क्यूसेक बरसाती पानी पहुंचाने का प्रस्ताव हरियाणा को भेजा है। हरियाणा ने इस पर प्रारंभिक सहमति जताई है। राजस्थान की ओर से ड्रेन का सर्वे कराया जा रहा है।

दूसरी ओर, हरियाणा सरकार भी इसी ड्रेन यानी सेमनाला को आधुनिक बनाने पर बड़ा दांव लगाने जा रही है। करीब 1710.81 करोड़ रुपए की मेगा परियोजना के तहत हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन की जल निकासी क्षमता मौजूदा 500 क्यूसेक से बढ़ाकर 1600 से 2750 क्यूसेक तक की जाएगी। सरकार का दावा है कि इससे सिरसा, फतेहाबाद और हिसार के बाढ़ एवं जलभराव-प्रभावित इलाकों को बड़ी राहत मिलेगी।

परियोजना के तहत हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन का चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण किया जाएगा। वर्तमान में कई हिस्सों में इसकी क्षमता करीब 500 क्यूसेक है। इसे बढ़ाकर 2750 क्यूसेक तक किया जाएगा। भारी बारिश या घग्गर नदी में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त पानी तेजी से निकलेगा। इससे खेतों व आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होगी। ओटू के पास घग्गर में पानी की निकासी के लिए 1000 क्यूसेक क्षमता का पंप भी लगाया जाएगा। यह परियोजना भाखड़ा वाटर सर्विस सर्कल के तहत लागू होगी। इसका लाभ हिसार, फतेहाबाद और सिरसा तीनों जिलों को मिलेगा।

निचला क्षेत्र होने के कारण सिरसा को सबसे अधिक फायदा होगा। परियोजना से सिरसा जिले के ऐलनाबाद, नाथूसरी चौपटा और रानियां क्षेत्र के दर्जनों गांवों को राहत मिलेगी। इनमें शक्करमंदोरी, तरकांवाली, नाथूसरी कलां, दड़बा कलां, गुड़ियाखेड़ा, बकरियांवाली, रामपुरा, मिर्जापुर, ओटू और खुइयां मलकाना प्रमुख हैं।

इसके अलावा हिसार के आदमपुर, बरवाला, नलवा तथा फतेहाबाद के भट्टू क्षेत्र के गांवों को भी लाभ मिलेगा। योजना लागू होने पर खेतों में लंबे समय तक पानी भरने की समस्या कम होगी।

सिरसा से गुजरती हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन

राजस्थान के सिंचाई विभाग ने हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन से भादरा क्षेत्र के लिए 700 क्यूसेक बरसाती पानी की मांग की है। प्रस्ताव के अनुसार रामसरा-मेहराना के पास से नई ड्रेन निकाली जाएगी। हमारी ओर से पानी देने में कोई दिक्कत नहीं है। राजस्थान विभाग सर्वे करवा रहा है। हमारी ड्रेन की क्षमता बढ़ाने का प्रोजेक्ट भी सरकार को भेजा गया है। इससे पूरे क्षेत्र को फायदा मिलेगा।"

संदीप माथुर, एक्सईएन, सिंचाई विभाग, सिरसा

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News