कुवैत में 'राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर' का गठन, डायालाल कुम्हार प्रथम अध्यक्ष मनोनीत

कुवैत चैप्टर के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों (NRR) को राजस्थान में निवेश, उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन, सामाजिक विकास परियोजनाओं एवं परोपकारी गतिविधियों में भागीदारी के अवसर प्राप्त होंगे
 | 
कुवैत चैप्टर के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों (NRR) को राजस्थान में निवेश, उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन, सामाजिक विकास परियोजनाओं एवं परोपकारी गतिविधियों में भागीदारी के अवसर प्राप्त होंगे Kuwait Rajasthan Foundation Chapter Incorporated

Udaipur Times | कुवैत/जयपुर, June 25, 2026: डूंगरपुर जिले की गलियाकोट तहसील के गरियाता निवासी एवं कुवैत में प्रतिष्ठित प्रवासी समाजसेवी डायालाल कुम्हार (प्रजापति ) को राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष द्वारा राजस्थान फाउंडेशन कुवैत चैप्टर का प्रथम अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस नियुक्ति से कुवैत सहित विश्वभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है।

दया लाल कुम्हार लंबे समय से कुवैत में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी नियुक्ति से प्रवासी राजस्थानियों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निवेश अवसरों, स्टार्टअप एवं उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रमों, पर्यटन, शिक्षा एवं कौशल विकास पहलों से और अधिक प्रभावी रूप से जोड़ा जा सकेगा।

राजस्थान फाउंडेशन का उद्देश्य विश्वभर में बसे राजस्थानियों एवं राज्य सरकार के मध्य एक सशक्त सेतु स्थापित करना है। कुवैत चैप्टर के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों (NRR) को राजस्थान में निवेश, उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन, सामाजिक विकास परियोजनाओं एवं परोपकारी गतिविधियों में भागीदारी के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, प्रवासी समुदाय को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर राजस्थान दर्पण एसोसिएशन (RDA), कुवैत के महासचिव सतीश पंचाल (पटिया, तहसील नयागांव, विधानसभा क्षेत्र खेरवाड़ा, जिला उदयपुर) ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे प्रवासी राजस्थानी समाज के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने कहा कि डायालाल कुम्हार का अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक समर्पण कुवैत के प्रवासी राजस्थानियों को एक मजबूत मंच प्रदान करेगा। यह चैप्टर राजस्थान सरकार, प्रवासी समुदाय, निवेशकों एवं युवा पेशेवरों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करते हुए राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन एवं सामाजिक विकास को नई गति देगा।