राजस्थान में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस का वज्रपात

20 दिनों में 1.58 लाख से अधिक वाहनों पर एक्शन, काली फिल्म और फैंसी नंबर प्लेट पर सबसे बड़ी गाज
 | 
Rajasthan Police

 

Udaipur Times, Rajasthan News: 25 जून 2026। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजस्थान पुलिस पूरे प्रदेश में मोटरयान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध व्यापक विशेष अभियान चला रही है।  पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा  पुलिस यातायात महानिदेशक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में 4 से 23 जून  तक चलाए गए विशेष अभियान में राज्यभर में रिकॉर्ड स्तर पर 1.58 लाख से अधिक प्रवर्तन कार्रवाई की गई है। Rajasthan News

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन की संरचना में अवैध परिवर्तन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट जैसे गंभीर उल्लंघनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। 20 दिनों में कुल 1,58,517 प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कसा गया। Rajasthan News

विशेष अभियान के आंकड़ों के अनुसार 4 जून से 23 जून तक 58,965 वाहनों पर ब्लैक फिल्म, 40,367 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 22,269 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 16,190 अवैध बॉडी/चेचिस परिवर्तन, 12,224 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 8,502 प्रेशर एवं एयर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि सड़क सुरक्षा को प्रभावित करने वाले उल्लंघनों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार प्रभावी और व्यापक रही है। Rajasthan Police 

23 जून को एक ही दिन में 7,416 चालान

अभियान के अंतर्गत केवल 23 जून को ही पूरे प्रदेश में 7,416 कार्रवाई की गई। इनमें 2,617 ब्लैक फिल्म, 1,743 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,032 अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 987 अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 680 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं हूटर तथा 357 प्रेशर हॉर्न के मामलों में चालान एवं नियमानुसार कार्रवाई की गई। Rajasthan News

जालोर में 829 जयपुर कमिश्नर में 807 वाहनों के चालान

​अगर जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो 23 जून को जयपुर कमिश्नरेट के चारों जिलों पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण व यातायात को मिलाकर कुल 807 कार्रवाई की गईं, जिसमें जयपुर पश्चिम में सर्वाधिक 465 चालान हुए। वहीं, जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में भी 306 वाहनों पर कार्रवाई हुई। जयपुर से इतर जिलों की बात करें तो जालोर जिला 829 कार्रवाईयों के साथ पूरे प्रदेश में नंबर वन और अजमेर जिला 710 कार्रवाईयों के साथ दूसरे पायदान पर रहा। पश्चिमी राजस्थान के पाली जिले में 365 और बालोतरा में 328 वाहनों के चालान काटे। Rajasthan Police 

एडीजी डॉ. मीणा ने बताया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन संचालित करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहयोग करें। Rajasthan News

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का ही विषय नहीं, प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। इसी उद्देश्य के साथ प्रदेशभर में प्रवर्तन और जनजागरूकता दोनों स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। Rajasthan Police 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News