ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर राजस्थान पुलिस का शिकंजा जारी

 | 
Rajasthan Police Action

Udaipur Times, Rajasthan News: 13 जून 2026। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजस्थान पुलिस ने राज्यभर में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में 4 जून से 12 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान राज्यभर में 79,195 प्रवर्तन कार्रवाइयाँ की गई हैं।

अभियान का उद्देश्य वाहनों में अवैध संशोधन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहन पर अनधिकृत शब्द एवं चिन्हों के प्रयोग पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
ब्लैक फिल्म और फर्जी नंबर प्लेट सबसे बड़े निशाने पर 

9 दिनों के अभियान में पुलिस ने सर्वाधिक 30,644 वाहनों पर लगी काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा 20,462 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 10,820 अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 7,634 अवैध वाहन संरचना परिवर्तन, 5,406 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर व हूटर तथा 4,229 प्रेशर और एयर हॉर्न के मामलों में चालान किए गए।

12 जून को भी जारी रहा सख्त अभियान 

केवल 12 जून 2026 को ही राज्यभर में 8,460 प्रवर्तन कार्रवाइयाँ की गईं। इनमें-
3,193 ब्लैक फिल्म
2,250 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट
1,086 अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन
844 अवैध वाहन संरचना परिवर्तन
616 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर
471 प्रेशर/एयर हॉर्न के मामले शामिल रहे।

जयपुर कमिश्नरेट और कई जिलों में विशेष सख्ती 

12 जून को हुई कार्रवाई में जयपुर पश्चिम (490), अजमेर (385), जयपुर यातायात (367), चित्तौड़गढ़ (349), सवाई माधोपुर (325), भीलवाड़ा (320) और कोटा शहर (302) प्रमुख रहे। इन जिलों में पुलिस ने सड़क सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखते हुए व्यापक कार्रवाई की।

सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं 

डीजे ट्रैफिक पालीवाल ने कहा कि यह अभियान केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास है। अवैध मॉडिफिकेशन, ब्लैक फिल्म, प्रेशर हॉर्न और फर्जी नंबर प्लेट जैसे उल्लंघन न केवल कानून के खिलाफ हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों को बढ़ावा देने का भी कारण बनते हैं।

इन कार्रवाइयों से राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सड़क सुरक्षा के लिए सभी वाहन चालकों से मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News