राजस्थान पुलिस का चर्चित IPS ट्रांसफर, प्रेग्नेंट आईपीएस पत्नी की जगह पति संभालेंगे कमान

 | 
राजस्थान पुलिस का चर्चित IPS ट्रांसफर, प्रेग्नेंट आईपीएस पत्नी की जगह पति संभालेंगे कमान 

Udaipur Times, IAS Couple Story : राजस्थान में हाल ही में 18 IPS अधिकारियों के तबादलों के बीच एक ऐसा प्रशासनिक फैसला सामने आया है, जिसकी पूरे राज्य में चर्चा हो रही है। जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात 2016 बैच की IPS अधिकारी पी.डी. नित्या (P.D. Nitya) का तबादला भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), जोधपुर में SP के पद पर किया गया है। उनकी जगह उनके पति और 2022 बैच के IPS अधिकारी पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

इस अनोखे तबादले के बाद अब पंकज यादव जोधपुर ग्रामीण जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि पी.डी. नित्या एंटी करप्शन ब्यूरो में भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई की कमान संभालेंगी। यही वजह है कि यह प्रशासनिक फेरबदल पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है।

शादी के बाद बदला था IPS नित्या का कैडर

छत्तीसगढ़ के भिलाई की रहने वाली पी.डी. नित्या (IPS P.D. Nitya) को साल 2016 में भारतीय पुलिस सेवा में चयन के बाद शुरुआत में AGMUT (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर आवंटित हुआ था। वर्ष 2025 में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विवाह के आधार (Marriage Ground) पर उनका कैडर बदलकर राजस्थान कर दिया।

राजस्थान कैडर में आने के बाद उन्होंने सबसे पहले जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी (ईस्ट) के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद उन्हें जोधपुर ग्रामीण का SP बनाया गया। अब उनका तबादला एसीबी, जोधपुर में SP के पद पर किया गया है।

पति पंकज यादव संभालेंगे जोधपुर ग्रामीण की कमान

14 जुलाई की रात जारी तबादला सूची के अनुसार, कमांडेंट प्रथम बटालियन आरएसी, जोधपुर के पद पर कार्यरत IPS पंकज यादव (Pankaj Yadav) को जोधपुर ग्रामीण का नया SP बनाया गया है। इससे पहले वे भरतपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पंकज यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं और वर्ष 2022 बैच के IPS अधिकारी हैं। अब वे अपनी पत्नी पी.डी. नित्या की जगह जोधपुर ग्रामीण जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कौन हैं IPS पी.डी. नित्या?

10 जनवरी 1991 को छत्तीसगढ़ के भिलाई में जन्मीं पी.डी. नित्या ने केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी सीमेंट कंपनी में नौकरी की। नौकरी के दौरान ग्रामीणों और मजदूरों की समस्याओं को करीब से देखने के बाद उन्होंने सिविल सेवा में आने का फैसला किया।

वर्ष 2015 की UPSC परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया 213वीं रैंक हासिल की और भारतीय पुलिस सेवा के लिए चुनी गईं। AGMUT कैडर में रहते हुए उन्होंने जम्मू-कश्मीर के कई संवेदनशील इलाकों में जिम्मेदारी निभाई। वे श्रीनगर में एसडीपीओ रहीं, लद्दाख (लेह) की पहली महिला एसSP बनीं और पुलवामा जैसे संवेदनशील जिले में भी एसSP के रूप में सेवाएं दीं।

निजी जीवन में भी झेला कठिन दौर

IPS पी.डी. नित्या ने अपने जीवन में कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। नवंबर 2023 में छत्तीसगढ़ में हुए एक सड़क हादसे में उन्होंने अपने माता-पिता और दादी को खो दिया था। इस गहरे व्यक्तिगत दुख के बावजूद उन्होंने कुछ समय बाद फिर से अपनी ड्यूटी संभाली और पुलिस सेवा में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करती रहीं।

चर्चा में है यह तबादला

राजस्थान पुलिस के इस तबादले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक ही जिले में कार्यरत IPS दंपती की जिम्मेदारियां अलग-अलग क्षेत्रों में तय की गई हैं। जहां पंकज यादव ग्रामीण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व निभाएंगे, वहीं पी.डी. नित्या भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में बतौर SP भ्रष्टाचार के मामलों की जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी संभालेंगी।

बताया जा रहा है कि पी.डी. नित्या जल्द ही एसीबी, जोधपुर में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगी और उससे पहले जोधपुर ग्रामीण SP का चार्ज अपने पति पंकज यादव को सौंपेंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News