राजसमंद में तनावपूर्ण हालात के बीच 4 लाख मुआवजे पर सहमति, पुलिस छावनी बना गांव
सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद पुलिस पर पथराव व लाठीचार्ज से बिगड़ा था माहौल
Udaipur Times, Rajsamand News: 15 जून 2026। राजसमंद जिले में देवगढ़ थाना क्षेत्र के कामलीघाट के पास सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बग्गड़ स्थित हॉस्पिटल में मुआवजे की मांग को लेक धरने के दौरान पथराव व लाठीचार्ज से बिगड़े हालात के बाद रविवार को दूसरे दिन भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। बग्गड़ गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया, जहां 3 एएसपी, 3 डीएसपी समेत 15 थानेदारों के साथ भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। सुबह से शाम तक वार्ता का दौर चलता रहा और आखिर में भीम विधायक हरिसिंह रावत ने मोबाइल से दखल देते हुए 4 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बन गई। Rajsamand News
एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि लाखागुड़ा के राजूसिंह की मौत के बाद सुबह ग्रामवासी लाखागुड़ा गांव में एकत्रित होने लगे। कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर एएसपी महेंद्र पारीक के नेतृत्व में 15 थानेदारों के साथ विशेष पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। फिर ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल से अलग अलग दौर में वार्ता की गई। आखिर में ग्रामवासी शव के पोस्टमार्टम पर सहमत हो गए। देवगढ़ थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि स्तुति हॉस्पिटल से दो लाख और भीम विधायक हरिसिंह रावत ने दो लाख रुपए की सहायता राशि पीड़ित परिवार को दी। इसके साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। फिर लाखागुड़ा गांव में पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। Rajsamand News
पहले दिन यूं चला था घटनाक्रम
देवगढ़ थाना प्रभारी मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि लाखागुड़ा निवासी राजूसिंह पुत्र नारायणसिंह रावत कार से कामलीघाट की तरफ जा रहा था, तभी रात को डिवाइडर से टकराकर वह गंभीर घायल हो गया। बाद में उन्हें अनन्ता हॉस्पिटल ले गए, जहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिर शव को परिजन वापस स्तुति हॉस्पिटल ले आए, जहां बड़ी तादाद में ग्रामीण और उनके रिश्तेदार भी पहुंच गए। मृतक राजूसिंह इसी स्तुति हॉस्पिटल में वार्ड बॉय की नौकरी करता था। इसलिए लोग उसके परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे, मगर अस्पताल प्रबंधन ने इतनी राशि देने से इनकार कर दिया। इस बीच भीम पूर्व उप प्रधान नारायणसिंह रावत सहित कई लोग बाहर एकत्रित हुए। इस पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कहते हुए नारायणसिंह सहित कुछ लोगों को पुलिस कार में बिठा दिया। इससे वहां खड़े लोग उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकार लोगों को वहां से खदेड़ दिया। Rajsamand News
पूर्व विधायक सुदर्शन बोले- निष्पक्ष जांच करें पुलिस
भीम पूर्व विधायक सुदर्शनसिंह रावत ने कहा कि बग्गड़ में युवक की मौत के बाद जिस तरह के हालात बने हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसमें कुछ लोगों की गलती हो सकती है, मगर पुलिस के कुछ अधिकारी भी दोषी है, जिनका भी एसपी संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करें। भीम क्षेत्र में अराजकता के हालात उत्पन्न हो गए हैं, जो ठीक नहीं है। Rajsamand News
