राजसमंद पानी के लिए हाईवे पार करने को मजबूर ग्रामीण
राजसमंद 5 जनवरी 2026। राजसमंद ज़िले के चारभुजा पंचायत क्षेत्र की भोपजी की भागल में पेयजल की गंभीर समस्या एक बार फिर उजागर हुई है। करोड़ों रुपये की जल योजनाओं पर खर्च होने के बावजूद आज भी ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए करीब दो किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
हालात ऐसे हैं कि बुजुर्ग महिलाएं, छोटे बच्चे और बच्चियों वाली महिलाएं रोज़ाना भारी परेशानियों के बीच पानी लाने को मजबूर हैं। गांव की महिलाएं सिर पर मटके रखकर लंबी दूरी तय करती हैं, जिससे शारीरिक थकान के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई बार लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर जल योजनाएं बनाई गईं, लेकिन ज़मीनी हकीकत में कोई सुधार नहीं हुआ। समस्या सिर्फ दूरी की नहीं, बल्कि सुरक्षा की भी है। पानी लाने के लिए ग्रामीणों को हाईवे पार करना पड़ता है, जहां तेज़ रफ्तार वाहनों के चलते हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी एक-दो दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, ऐसे में पानी भरना अब केवल मेहनत नहीं बल्कि जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
पेयजल संकट को लेकर अब जनप्रतिनिधि भी खुलकर विरोध में उतर आए हैं। भोपजी की भागल के जनप्रतिनिधि बख्तावर गुर्जर सेवक, चारभुजा मंदिर ने अनोखा और भावनात्मक विरोध दर्ज कराते हुए जूते-चप्पल त्यागने का संकल्प लिया है। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक गांव तक पानी नहीं पहुंचेगा, तब तक वे जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे।
जनप्रतिनिधि का कहना है कि यह प्रतीकात्मक नहीं बल्कि प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों को जगाने की आख़िरी कोशिश है। वहीं ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
#UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial #RajsamandNews #Charbhuja #RuralRajasthan #WaterCrisis #DrinkingWaterIssue #PublicProtest