रमेश सिंघवी श्रम विभाग की भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के नियोजकों के प्रतिनिधि मनोनीत

यूसीसीआई के अध्यक्ष है रमेश सिंघवी
 | 

उदयपुर, 26 फरवरी, 2020। राजस्थान के महामहीम राज्यपाल महोदय के आदेशानुसार राजस्थान सरकार के श्रम विभाग द्वारा यूसीसीआई के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंघवी को भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिक कल्याण मण्डल का सदस्य मनोनीत किया गया है। यह नियुक्ति आगामी तीन वर्ष के लिए की गयी है।  

रमेश कुमार सिंघवी ने जानकारी देते हुए यह बताया कि उन्हें इसके मनोनयन की सूचना अतिरिक्त श्रम आयुक्त चंद्रभान सिंह राठौड द्वारा दिनांक 19 फरवरी, 2020 को जारी की गयी अधिसूचना द्वारा प्राप्त हुई है। इस समिति में रमेश कुमार सिंघवी के अलावा के.डी.ए.आई., भिवाडी (अलवर) के अशोक सैनी, नीमराना इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन (अलवर) के कृष्ण गोपाल कौषिक को भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के नियोजकों के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किये गये हैं। 

इसके साथ ही भवन एवं निर्माण श्रमिकों के प्रतिनिधि के रूप में इन्टक के जगदीश राज श्रीमाली, इन्टक के ख्यालीलाल मालवीय तथा ऑल इण्डिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के डी.के. छंगाली सदस्य रहेंगे। 

भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिक कल्याण मंडल, राजस्थान की बैठक राजस्थान सरकार के श्रम राज्यमंत्री की अध्यक्षता में दिनांक 13 मार्च 2020 को दोपहर 3 बजे  आर.एस.एल.डी.सी. सभागार, जयपुर में आयोजित की जा रही है। 
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News