दिल्ली-NCR, हरियाणा समेत 4 राज्यों के बीच दौड़ेगी रैपिड रेल, इन सभी शहरों की बढ़ेगी कनेक्टिविटी
Udaipur Times, Namo Bharat Route : दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। फिलहाल इस परियोजना के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का सर्वे किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी का रास्ता साफ हो जाएगा।
इस प्रस्ताव को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की बैठक में मंजूरी दी गई। परियोजना पर नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC), उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार मिलकर काम करेंगी।
150 किलोमीटर लंबा होगा नया कॉरिडोर
प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 150 किलोमीटर होगी। यह दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के अंतिम स्टेशन मोदीपुरम (मेरठ) से आगे बढ़ाया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश में लगभग 72 किलोमीटर और उत्तराखंड में 78 किलोमीटर का हिस्सा शामिल होगा।
इन शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन
नया कॉरिडोर मोदीपुरम से शुरू होकर दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी, रुड़की, हरिद्वार और अंत में ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र तक जाएगा। हरिद्वार में हर की पौड़ी के पास भी स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
दिल्ली-NCR से मिलेगा सीधा कनेक्शन
यह नया कॉरिडोर मौजूदा 82.15 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर से जुड़ जाएगा। इसके जरिए यात्रियों को आनंद विहार, साहिबाबाद, दुहाई, गुलधर, सराय काले खां समेत दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख स्टेशनों तक सीधी हाई-स्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा नोएडा और गाजियाबाद के लोग भी बिना ज्यादा परेशानी के सीधे हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंच सकेंगे।
अलवर, पानीपत और जेवर एयरपोर्ट तक आसान सफर
इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले यात्री दिल्ली के सराय काले खां इंटरचेंज के जरिए गुरुग्राम, नीमराना और अलवर तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
साथ ही दिल्ली-सोनीपत-पानीपत RRTS कॉरिडोर से इंटरचेंज मिलने के बाद हरियाणा के सोनीपत और पानीपत तक भी हाई-स्पीड यात्रा संभव होगी।
वहीं, गाजियाबाद-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) कॉरिडोर के जरिए हरिद्वार, ऋषिकेश और मुजफ्फरनगर से सीधे जेवर एयरपोर्ट तक भी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
दिल्ली मेट्रो से भी मिलेगा सीधा इंटरचेंज
नमो भारत नेटवर्क का विस्तार होने के बाद यात्री आनंद विहार स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और पिंक लाइन से सीधे जुड़ सकेंगे। यहां से आनंद विहार रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक भी आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
अधिकारियों की नियुक्ति
परियोजना में तेजी लाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अतिरिक्त सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, NCRTC और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति की है, ताकि भूमि अधिग्रहण और सर्वेक्षण का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
