असिस्टेंट प्रोफेसर के 1154 पदों पर होगी भर्ती, जाने पूरा प्रोसेस
Udaipur Times, Jobs News : बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। उत्तर प्रदेश चिकित्सा शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1154 पदों पर अगले महीने भर्ती शुरू होगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को रिक्त पदों की सूचना मिल चुकी है और विज्ञापन जारी करने की कार्रवाई गतिमान है।
इसके अलावा इंजीनियरिंग सेवा के तहत सहायक अभियंता (AE) के 111 पदों का अधियाचन भी मिला है। कृषि सेवा के तहत 40 से अधिक पदों की सूचना भी आयोग को मिली है।
पशुधन अधिकारी के 174 पदों पर भर्ती इसी माह प्रस्तावित है। होम्योपैथी विभाग में प्राध्यापक के 65, यूनानी विभाग में प्राध्यापक के सात और आयुर्वेद में प्राध्यापक के 28 पदों पर भी इसी महीने भर्ती शुरू होने की उम्मीद है। समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के 80 रिक्त पदों की सूचना भी आयोग को मिली है। खेल निदेशालय में क्रीड़ा अधिकारी के 25 और पुलिस विभाग में वैज्ञानिक अधिकारी के 43 पदों पर भी जल्द विज्ञापन जारी होगा। वहीं यूपीपीएससी ने विभिन्न विभागों में 37 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं।
हजारों पदों पर भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सोमवार को इस साल के 50 भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कार के कार्यक्रम जारी किए। इनमें से 28 भर्ती परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं। शेष 22 में 12 परीक्षाएं 11769 पदों के लिए होंगी और 10 भर्तियों के साक्षात्कार होंगे। आयोग के अध्यक्ष की मंजूरी के बाद परीक्षा नियंत्रक सुभाष् चंद्र प्रजापति ने कार्यक्रम जारी किया।
रिक्त पदों पर अपीलार्थियों की नियुक्ति के आदेश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती मामले में रिक्त पदों पर अपीलार्थियों को नियुक्ति देने और समायोजित करने का निर्देश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह एवं न्यायमूर्ति स्वरूपा चतुर्वेदी की खंडपीठ ने नरेंद्र प्रताप सिंह व अन्य की विशेष अपील सहित नौ जुड़ी अपीलों को स्वीकार करते हुए दिया है।
