सुधारवादी दाऊदी बोहरा समुदाय – सेंट्रल बोर्ड की कार्यकारिणी बैठक
Reformist Dawoodi Bohra Central Board Executive Meeting
सुधारवादी बोहरा यूथ समुदाय की केन्द्रीय संस्था सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ दाऊदी बोहरा कम्युनिटी की 60 सदस्यीय कार्यकारिणी की छ:मासी बैठक आज बड़ी स्थित एक फार्म हाऊस में बोर्ड के कार्यकारी चैयरमेन आबिद अदीब की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यह जानकारी देते हुए क्षेत्रीय सचिव शब्बीर नासिर ने बताया कि बैठक में विगत छ:माह में विश्व भर में सुधारवादी बोहरा समुदाय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला गया और अगले छ:माह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासचिव सैफुद्दीन इन्साफ ने बताया कि विश्व भर में बोहरा समुदाय में उनके अधिकृत सैयदना की कानूनी लड़ाई और अधिकारिता को लेकर बहुत बेचैनी है। बोहरा समुदाय के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि सैयदना की कुर्सी की लड़ाई कोर्ट कचहरी तक पहूँच गई है। उन्होंने सैयदना समर्थकों को आव्हान किया कि वे वास्तविकता को समझे और अंधविश्वास से बाहर निकलें।
उन्होंने बताया कि सुधारवादी गुट द्वारा सामाजिक बहिष्कार के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका पर शीघ्र ही सुनवाई प्रारम्भ होने वाली है।
बैठक में 15वें विश्व सम्मेलन के आयोजन स्थल पर भी चर्चा की गई एवं अगले वर्ष फरवरी माह में विश्व सम्मेलन करने एवं नवम्बर माह में 25 सदस्यीय जत्था गुजरात में अहमदाबाद से जामनगर तक के सफर पर निकलेंगे एवं विभिन्न दरगाहों की ज़ियारत करेंगे।
इससे पूर्व कोषाध्यक्ष युनूस बालू वाला ने बोर्ड का वर्ष 2014-15 का अंकेक्षित लेखा पेश किया जिसे ध्वनि मत से पारित किया गया।
बैठक में उदयपुर के यूथ समुदाय के सदस्यों के अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश एवं गुजरात राज्यों के सुधारवादी स्त्री-पुरुष सम्मिलित हुए।
बैठक के अंत में विगत छ:माह में दिवंगत सुधारवादी सदस्यों और हज त्रासदी में मारे गये हाजियों को दो मिनिट मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

