ओडीओपी ऑनलाईन पोर्टल पर पंजीयन प्रारम्भ
उदयपुर 15 अप्रैल 2025 । बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान, 2024 के तहत भारत सरकार के निर्देशानुसार राज्य की समस्त एक ज़िला-एक उत्पाद विनिर्माता इकाईयों का ऑनलाईन पंजीकरण किया जाना है। प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा ओडीओपी पंजीकरण की प्रक्रिया हेतु एक आवेदन पत्र राजस्थान सिंगल साइन ऑन एसएसओ पोर्टल पर ऑनलाईन कर दिया गया है।
ज़िला उद्योग एवं वाणिज्यिक केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि एक जिला- एक उत्पाद से संबंधित इकाईयों को प्रोत्साहित किए जाने हेतु राज्य सरकार द्वारा प्रारम्भ की गई राजस्थान एक जिला एक उत्पाद नीति-2024 के तहत देय समस्त लाभ भी इसी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन दिये जाने प्रस्तावित है।
एक ज़िला- एक उत्पाद अंतर्गत उदयपुर जिलें से मार्बल एवं ग्रेनाईट उत्पाद सम्मिलित किया गया है। ऑनलाईन पोर्टल पर पंजीकरण हेतु आवेदक का पासपोर्ट साईज फोटो, जाति प्रमाण पत्र, इकाई का पैन कार्ड, उत्पादन तिथि, प्रथम विक्रय बिल / वर्तमान विकय बिल, उद्यम रजिस्ट्रेशन, उत्पाद के फोटो आदि दस्तावेज आवश्यक है।
एक ज़िला- एक उत्पाद योजनान्तर्गत नवीन सूक्ष्म उद्यमों को प्रोजेक्ट लागत का 25 प्रतिशत या अधिकतम 15 लाख रू मार्जिन मनी अनुदान, नवीन लघु उद्यमों को 15 प्रतिशत या अधिकतम 20 लाख रू मार्जिन मनी अनुदान तथा अनुसूचित जाति/जनजाति/विकलांग / यंग उद्यमी जिनकी आयु 35 वर्ष से कम है उनको 5 लाख रू का अतिरिक्त मार्जिन मनी अनुदान दिया जाएगा।