हरियाणा की ब्लॉक समिति सदस्य रेखा बनीं JBT अध्यापिका, 16 बार पास कर चुकी कई सरकारी परीक्षाएं
Udaipur Times, Success Story : हरियाणा के सिरसा जिले के ओढ़ां क्षेत्र के गांव पनिवाला मोटा निवासी रेखा रानी का चयन हरियाणा शिक्षा विभाग में जेबीटी अध्यापिका के पद पर हुआ है। कड़ी मेहनत, निरंतर प्रयास और संघर्ष के बाद मिली इस सफलता पर परिवार व ग्रामीणो ने उन्हें बधाई दी।
रेखा रानी इससे पहले ओढ़ां ब्लॉक समिति सदस्य के रूप में सर्वसम्मति से निर्वाचित हुई थीं। अपने कार्यकाल में उन्होंने गांव की ढाणियों तक पेयजल पहुंचाने, स्कूलों में वाटर टैंक एवं वाटर कूलर उपलब्ध कराने, सोलर लाइट लगवाने, चौपालों व सार्वजनिक स्थलों पर बेंच लगवाने का काम किया।
इतना ही नहीं उन्होंने सफाई कर्मचारियों को साइकिलें उपलब्ध कराने तथा बास्केटबाल ग्राउंड सहित खेल सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अतिरिक्त रेखा ने शिक्षा अभियान के तहत एक वर्ष तक एक गैर-सरकारी संस्था (एनजीओ) के माध्यम से गरीब एवं वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया।
रेखा रानी ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान तथा सीटीईटी सहित विभिन्न शिक्षक पात्रता परीक्षाओं में 16 बार सफलता हासिल की है। उन्होंने एमए (मनोविज्ञान), बीएड, एमएड, डिप्लोमा इन काउंसलिंग तथा जेबीटी जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यताएं प्राप्त की हैं। शिक्षक बनने के बाद रेखा रानी ने ब्लॉक समिति सदस्य पद से इस्तीफा ब्लॉक समिति चेयरमैन व बीडीपीओ ओढ़ां को भेज दिया है।
रेखा ने कहा कि उनका लक्ष्य शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक योगदान देना तथा ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों और युवाओं को प्रेरित करना है।
