रिलायंस ग्रीन एनर्जी को लेकर यहां करेगी 1 लाख करोड़ निवेश, 3 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
Udaipur Times, New Delhi, आंध्र प्रदेश : देश के अन्नदाता अब ऊर्जादाता भी बनेंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज आंध्र प्रदेश में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में 1 लाख करोड़ रुपए का निवेश कर कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट लगाएगी। किसानों द्वारा उगाई गई घास से इन प्लांटों में स्वच्छ ऊर्जा तैयार होगी। इससे देश को खाद्य सुरक्षा देने वाले किसान ऊर्जा सुरक्षा में भी भागीदार बनेंगे। इस पहल से आने वाले दशकों में 3 लाख से ज्यादा रोजगार पैदा होने और आंध्र को करीब 60 हजार करोड़ का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने गांधी जयंती के अवसर पर मदनपल्ली में यह विजन सामने रखा। उन्होंने कहा, 'रिलायंस के ग्रीन एनर्जी कारोबार के जरिए मुझे हमारे अन्नदाताओं को ऊर्जादाता बनाने का अवसर दिखाई देता है।' इसके साथ ही रिलायंस आंध्र सरकार के साथ मिलकर मदनपल्ली में देश का पहला इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर (आईएसए) भी बनाएगी।
इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) की तर्ज पर विकसित होने वाले इस संस्थान में भारत के किसानों के पारंपरिक ज्ञान को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, रोबोटिक्स और आर/बीआर जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जाएगा।
रायलसीमा हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर की आधारशिला केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश की मौजूदगी में रखी गई।
भारत ने दुनिया को सीईओ दिए, आईएसए किसान को खेत का सीईओ बनाएगा : अनंत
चन्द्रबाबू नायडू के साथ अनंत अंबानी
अनंत अंबानी ने कहा कि करीब 25 साल पहले चंद्रబాబు नायडू इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस को हैदराबाद लेकर आए थे। अब वे भारत के किसान को उसका अपना आईएसबी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'भारत ने दुनिया को बहुत सीईओ दिए। आईएसए भारत के किसान को अपने खेत का सीईओ बनाएगा।' आईएसए में भविष्य की खेती के लिए ऐसी तकनीकें विकसित करने पर जोर होगा, जो कीटों के हमले से पहले किसान को सतर्क कर सकें।
ड्रोन फसल की सेहत की मैपंग करेंगे और प्राइज इंटेलिजेंस के जरिए मदनपल्ली के टमाटर किसान को यह पता चल सकेगा कि उपज कब और कहां बेचना उसके लिए बेहतर होगा।
ग्रीनहाउस टेक्नोलॉजी के जरिए 365 दिन खेती की दिशा में भी काम किया जाएगा। अनंत अंबानी ने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और आंध्र प्रदेश के 'स्वर्ण आंध्र 2047' विजन से जोड़ते हुए कहा, 'विकसित भारत का सपना, हम साकार करके दिखाएंगे।' उन्होंने सीएम नायडू से कहा कि वे उन्हें आंध्र प्रदेश के बेटे की तरह मानें।