हरियाणा के रिटायर्ड IAS अरुण गुप्ता ने ली HERC चेयरमैन पद की शपथ

 | 
हरियाणा के रिटायर्ड IAS अरुण गुप्ता ने ली HERC चेयरमैन पद की शपथ

चंडीगढ़, 10 नवंबर : हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री अरुण कुमार गुप्ता ने आज हरियाणा निवास में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने उन्हें अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने आयोग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

श्री अरुण कुमार गुप्ता 1992 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस रहे हैं जो बीते माह ही सेवानिवृत्त हुए हैं। वे हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव व वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें एचईआरसी के सचिव तथा ऊर्जा निगमों के एमडी के रूप में सेवाएं देने के चलते ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली का व्यापक अनुभव है।

हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग प्रदेश के विद्युत क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और उपभोक्ता हितों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आयोग विद्युत दरों के निर्धारण, बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार, उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा तथा नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आयोग का उद्देश्य विद्युत क्षेत्र में संतुलित विकास को बढ़ावा देते हुए उपभोक्ताओं को विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी नियामक व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, श्री एके सिंह, डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़, श्री सीजी रजनीकांथन, एचवीपीएनएल के प्रबंध निदेशक एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव श्री विक्रम सहित अन्य अधिकारीगण व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News