सड़क-फ्लाईओवर और मेट्रो होंगी एक साथ ! यहां बनेंगे 10 नए स्टेशन, जाने पूरा रूट प्लान ?
Udaipur Times, Delhi Metro Phase 4 : दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क लगातार विस्तार ले रहा है। अब फेज-4 के तहत रिठाला से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया तक बनने वाला कॉरिडोर खास होने जा रहा है। इस रूट पर एक ऐसा डबल डेकर कॉरिडोर बनेगा, जहां सबसे नीचे सड़क, उसके ऊपर एलिवेटेड फ्लाईओवर और सबसे ऊपर मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी। रोहिणी सेक्टर-34 से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच बनने वाले इस डबल डेकर हिस्से की लंबाई करीब 1.3 किलोमीटर होगी।
रिठाला से बवाना तक आसान होगा सफर दिल्ली के आउटर और नॉर्थ-वेस्ट इलाकों के साथ हरियाणा सीमा से जुड़े क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए यह परियोजना काफी अहम मानी जा रही है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने फेज-4 के रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण को आगे बढ़ाते हुए दूसरा टेंडर जारी किया है।इस टेंडर के तहत रिठाला से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच एलिवेटेड मेट्रो लाइन का निर्माण किया जाएगा।
एक ही कॉरिडोर में सड़क, फ्लाईओवर और मेट्रो
इस परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण इसका डबल डेकर कॉरिडोर होगा। रोहिणी सेक्टर-34 से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच करीब 1.3 किलोमीटर लंबे हिस्से में तीन स्तर का ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर देखने को मिलेगा।
सबसे नीचे मौजूदा सड़क होगी, उसके ऊपर वाहनों के लिए एलिवेटेड फ्लाईओवर और सबसे ऊपर मेट्रो का ट्रैक बनाया जाएगा। यानी एक ही कॉरिडोर में सड़क यातायात और मेट्रो दोनों के लिए अलग-अलग स्तर तैयार होंगे।यह दिल्ली का चौथा डबल डेकर कॉरिडोर होगा।
रोहिणी और बवाना में बनेंगे 10 नए मेट्रो स्टेशन
रिठाला-कुंडली कॉरिडोर के इस हिस्से में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 10 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें शामिल हैं:
रोहिणी सेक्टर-25
रोहिणी सेक्टर-26
रोहिणी सेक्टर-31
रोहिणी सेक्टर-28
रोहिणी सेक्टर-29/30
रोहिणी सेक्टर-35
बरवाला
रोहिणी सेक्टर-34
बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-3/4
बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-1/2
इन स्टेशनों के बनने से रोहिणी, बरवाला और बवाना के आसपास रहने वाले लोगों को मेट्रो कनेक्टिविटी का सीधा फायदा मिलेगा। जिससे सफर आसान होने जा रहा है
जाने दिल्ली में पहले से कहां-कहां हैं डबल डेकर कॉरिडोर?
रिठाला-बवाना कॉरिडोर दिल्ली का चौथा डबल डेकर कॉरिडोर होगा। इससे पहले भी दिल्ली मेट्रो के अलग-अलग हिस्सों में सड़क और मेट्रो को एक ही कॉरिडोर में अलग-अलग स्तर पर विकसित किया जा रहा है।
मजलिस पार्क-मौजपुर: इस कॉरिडोर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल रैंप का काम बाकी है, जिसे साल के अंत तक पूरा किए जाने की उम्मीद है।
संगम विहार-खानपुर: गोल्डन/सिल्वर लाइन से जुड़े इस हिस्से में महरौली-बदरपुर रोड पर निर्माण तेजी से चल रहा है।
आनंद विहार-डेरावल नगर/जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम: इस कॉरिडोर पर भी डबल डेकर संरचना से जुड़े निर्माण कार्य जारी हैं।
इसके बाद गाजियाबाद से कुंडली तक जुड़ जाएगा मेट्रो नेटवर्क
रिठाला-कुंडली कॉरिडोर मौजूदा रेड लाइन का विस्तार है। फिलहाल रेड लाइन शहीद स्थल न्यू बस अड्डा, गाजियाबाद से रिठाला तक चलती है।इसके आगे बनने वाला रिठाला-कुंडली विस्तार करीब 26.46 किलोमीटर लंबा होगा और पूरे रूट पर 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 6,230 करोड़ रुपये है।
2029 तक होगा पूरा डबलडेकर
परियोजना के 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके तैयार होने के बाद गाजियाबाद से दिल्ली होते हुए हरियाणा के कुंडली तक मेट्रो का सीधा और सुगम कनेक्शन उपलब्ध हो सकेगा। इससे न सिर्फ रोहिणी और बवाना जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि हरियाणा सीमा से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को भी सार्वजनिक परिवहन का तेज और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
लाखों यात्रियों को मिलेगा इसका फायदा
रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के पूरा होने के बाद नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली और आसपास के इलाकों में सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। खासकर बवाना और रोहिणी जैसे तेजी से विकसित हो रहे इलाकों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी रोजगार, शिक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान कर सकती है।सबसे खास बात यह होगी कि दिल्ली के एक और हिस्से में एक ही जगह पर सड़क, एलिवेटेड फ्लाईओवर और मेट्रो का तीन-स्तरीय कॉरिडोर देखने को मिलेगा।