हरियाणा के 7 पर्यटन स्थलों पर खर्च होंगे 100 करोड़, प्रदेश की विरासत को मिलेगी नई पहचान
Udaipur Times, Haryana News, फरीदाबाद, 25 मई : विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश का पर्यटन निगम आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को विरासत से जोड़ने के लिए हैरिटेज एंड सिटी वाक का आयोजन करेगा। प्रदेश में 07 स्थानों पर इसका आयोजन होगा। फरीदाबाद जिला में 30 मई को फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र में सूरजकुंड जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक तथा बल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक भ्रमण कराया जाएगा।
हरियाणा पर्यटन निगम के एजीएम हरविंदर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के मार्गदर्शन में आज चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान 30 मई 2026 को प्रदेश में दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक 2026 आयोजित की जा रही है। हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा ‘आओ चलें अपनी विरासत के साथ’ मुहिम के तहत 30 मई, शनिवार को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक प्रदेश के सात प्रमुख स्थलों पर दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं को हरियाणा की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जोड़ना है, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझ सके तथा उनसे प्रेरणा प्राप्त कर सके।
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार हरियाणा की विरासत को संरक्षित करने, उसका जीर्णोद्धार करने और उसे पर्यटन के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रहे हैं। प्रदेश के विरासत स्थलों और पर्यटन स्थलों के विकास, संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। सरकार की सोच केवल ऐतिहासिक भवनों और स्थलों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन, विशेषकर युवाओं को अपनी सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

क्यूआर कोड और वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा, मौके पर भी करवा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
एजीएम हरविंदर यादव ने बताया कि इससे पहले पहली बार 27 सितंबर 2024 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया था, जिसे लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिला। इसी सफलता को देखते हुए अब दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की जा रही है और भविष्य में प्रत्येक माह इस प्रकार की वॉक आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रदेश की विरासत से जुड़ सकें और विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि हैरिटेज एंड सिटी वॉक में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसकी पूरी जानकारी और पंजीकरण संबंधी विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा इच्छुक लोग मौके पर पहुंचकर भी अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें पानी, चाय, कॉफी, टोपी तथा अल्पाहार उपलब्ध कराया जाएगा। सभी स्थानों पर हेरिटेज गाइड की व्यवस्था भी की गई है, जो प्रतिभागियों को संबंधित स्थलों के इतिहास और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

सूरजकुंड, बल्लभगढ़, सोनीपत, पिंजौर, मोरनी, कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी में होगी हेरिटेज एंड सिटी वॉक
पर्यटन निगम अधिकारी ने बताया कि इस बार प्रदेश के सात प्रमुख स्थलों को हेरिटेज एंड सिटी वॉक के लिए चिन्हित किया गया है। पंचकूला जिले के पिंजौर में यादवेंद्र गार्डन, गुरुद्वारा मंजी साहिब, भीमा देवी मंदिर स्थल संग्रहालय, धारामंडल पिंजौर और प्राकृतिक बावड़ी का भ्रमण कराया जाएगा। मोरनी क्षेत्र में ऐतिहासिक मोरनी किले का भ्रमण कराया जाएगा। कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ स्थल, सरोवर, विराट स्वरूप तथा महाभारत अनुभव केंद्र संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा। एथनिक इंडिया टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, राई , सोनीपत से बढ़खालसा मेमोरियल तक, फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र में सूरजकुंड जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक भ्रमण कराया जाएगा। रेवाड़ी में सैंडपाइपर पर्यटक परिसर से बड़ा तालाब तक तथा बल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक भ्रमण कराया जाएगा।
