राजसमंद में 13 नई सड़कों के लिए 12.52 करोड़ रुपये की स्वीकृति

 | 
Rajsamand

 

 

Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमंद विधानसभा क्षेत्र में सड़क आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। क्षेत्र की 13 नॉन-पेचेबल एवं मिसिंग लिंक सड़कों (कुल 32.75 किलोमीटर) के निर्माण हेतु 12 करोड़ 52 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, कनेक्टिविटी बेहतर बनेगी तथा विकास को नई गति मिलेगी।

विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में 7 नॉन-पेचेबल सड़कें (20.75 किमी.) के लिए 6.67 करोड़ रुपये तथा 6 मिसिंग लिंक सड़कें (12 किमी.) के लिए 5.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नॉन-पेचेबल कार्यों में रेलमगरा–टपरिया खेड़ी–जुणगड़ा, केलवा–आमेट से मुण्डल, देवखेड़ी, प्रतापपुरा–मोही–पाण्डोलाई, खड़बामनिया–सोगियाणा, तललाई–झांझर तथा सापोल–सांगठ–बीड़ों की भागल मार्ग शामिल हैं। वहीं मिसिंग लिंक कार्यों में साहूल–भोजेला, नाथूवास–खातीखेड़ा–भैरूखेड़ा, शिवपुरा–सुनारिया खेड़ा, कालाबेलिया बस्ती, लादों का गुड़ा–भील बस्ती तथा पोली कांकर–पीपरड़ा भट्टा–बैर मार्ग का निर्माण किया जाएगा।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि इन परियोजनाओं से गांवों और ढाणियों को सर्वकालिक सड़क सुविधा मिलेगी, किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन को आवागमन में सुविधा होगी तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री, वित्त एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी का राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के लिए यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान करने पर हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News