50 हजार करोड़ से बदलेगी राज्य की पूरी तस्वीर ! रोजगार और विकास पकड़ेंगे रफ्तार
Udaipur Times, Uttar Pradesh Global Growth Dialogue 2026 : बेंगलुरु में योगी सरकार की ओर से ‘Uttar Pradesh Global Growth Dialogue 2026’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम राज्य के उस बड़े विज़न का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत यूपी को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस आयोजन का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल था। इस दौरान देश-विदेश की कई कंपनियों, निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें और रोडशो आयोजित किए गए।
50,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले
सरकारी बयान के अनुसार, इस इवेंट में उत्तर प्रदेश को 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्नोलॉजी और Global Capability Centres (GCCs) जैसे सेक्टर शामिल हैं।
योगी आदित्यनाथ का निवेशकों को संदेश
निवेशकों और उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने दिनभर विभिन्न सेक्टरों के निवेशकों से बातचीत की। उन्होंने बेंगलुरु की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर “गार्डन सिटी” से बदलकर एक वैश्विक तकनीकी हब बन चुका है, और उत्तर प्रदेश भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का जिक्र
सीएम योगी ने राज्य में चल रहे प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का भी उल्लेख किया, जिनमें वाराणसी–हल्दिया राष्ट्रीय जलमार्ग, दिल्ली–मेरठ रैपिड रेल, 7 शहरों में मेट्रो सेवाएं, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, 5 अंतरराष्ट्रीय और 11 घरेलू एयरपोर्ट नेटवर्क शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में 15 जून से कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन शुरू हो चुका है और कई नए एयरपोर्ट्स पर काम चल रहा है।
यूपी का औद्योगिक और मानव संसाधन मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास 75,000 एकड़ का लैंड बैंक, 36 सेक्टर-विशिष्ट औद्योगिक नीतियां और 27 स्थानों पर इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक्स क्लस्टर है। इसके अलावा प्रदेश हर साल लगभग 2 लाख STEM ग्रेजुएट्स तैयार करता है, जिससे उद्योगों को कुशल मानव संसाधन मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि यूपी में दो IIT, एक IIM, तीन तकनीकी विश्वविद्यालय और बड़ी संख्या में वोकेशनल संस्थान मौजूद हैं।
कृषि और औद्योगिक विकास में तेजी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार कृषि विकास दर 8% से बढ़कर 18% हो गई है। बड़े औद्योगिक इकाइयों की संख्या 14,000 से बढ़कर 33,000 से अधिक हुई है। 5 कृषि विश्वविद्यालय और 89 कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को प्रशिक्षण और बाजार से जोड़ रहे हैं।
MoU और कंपनियों की भागीदारी
इस आयोजन में कई बड़ी कंपनियों ने राज्य सरकार के साथ MoU साइन किए, जिनमें LG, Aon, MetLife, Table Space शामिल हैं। इसके अलावा TeamLease ने GCC टैलेंट डेवलपमेंट को लेकर एक गैर-वित्तीय समझौता किया।
2031 तक का लक्ष्य
सरकार ने लक्ष्य रखा है कि 40 मिलियन स्क्वायर फीट Grade-A ऑफिस स्पेस विकसित किया जाएगा और 2031 तक 500 GCC यूनिट्स स्थापित किए जाएंगे।
