उदयपुर में ट्यूबवेल चैंबर से निकला रसल वाइपर का पूरा कुनबा, 22 बच्चे और मां का रेस्क्यू
Udaipur Times, Udaipur Latest News: 11 जून 2026। उदयपुर के ढिकली गांव में बुधवार को एक अनोखा रेस्क्यू अभियान देखने को मिला, जहां ट्यूबवेल के एक चैंबर से 22 सांप के बच्चों और उनकी मां सहित कुल 23 रसल वाइपर सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के संभागीय अध्यक्ष और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. चमन सिंह चौहान को गांव में सांप होने की सूचना मिली थी। सूचना पर वे अपनी टीम के सदस्य लक्ष्मीलाल गमेती के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में चैंबर के अंदर एक सांप दिखाई दिया, लेकिन रेस्क्यू शुरू होते ही लगातार सांप बाहर निकलने लगे।
डॉ. चमन सिंह चौहान ने बताया, "जैसे ही हमने रेस्क्यू अभियान शुरू किया, चैंबर से एक के बाद एक सांप निकलते गए। जांच करने पर वहां रसल वाइपर सांपों का पूरा कुनबा मिला, जिसमें 22 बच्चे और उनकी मां शामिल थी। सभी 23 सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।"
उन्होंने बताया कि रसल वाइपर सांप अंडे नहीं देता, बल्कि सीधे बच्चों को जन्म देता है। इस प्रजाति का प्रजनन काल सामान्यतः नवंबर माह में होता है और जून या जुलाई के पहले सप्ताह में मादा सांप बच्चों को जन्म देती है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सभी सांपों को सुरक्षित पकड़कर वन्य क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जिससे गांव में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
