हरियाणा में यहां बनेगी नई 6-लेन रोड, सैनी सरकार का बड़ा ऐलान

 | 
हरियाणा में यहां बनेगी नई 6-लेन रोड, सैनी सरकार का बड़ा ऐलान

Udaipur Times, Haryana News, हिसार : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा के प्रयासों से हिसार शहर को एक और बड़ी विकास परियोजना की सौगात मिली है। हिसार में लक्ष्मी बाई चौक से टाउन पार्क तक मौजूदा 4-लेन सडक़ को 6-लेन में चौड़ा एवं सुदृढ़ करने की परियोजना को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति प्राप्त हो गई है।

हिसार को जाम मुक्त बनाने तथा यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा गठित कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा बढ़ते ट्रैफिक दबाव से आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हिसार को आधुनिक एवं व्यवस्थित बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए लगभग 30.08 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। सडक़ के 6-लेन विस्तार से शहर के प्रमुख मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगा। साथ ही क्षेत्र के व्यापार, निवेश और शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में हिसार के विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए नए प्रोजेक्ट लाए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News