हरियाणा में खारे पानी वाली जमीन उगल रही सोना ! झींगा पालन बना कमाई का नया जरिया

 | 
हरियाणा में खारे पानी वाली जमीन उगल रही सोना ! झींगा पालन बना कमाई का नया जरिया 

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा में खारे और क्षारीय पानी वाली जमीन अब किसानों के लिए कमाई का नया जरिया बन रही है। जिस पानी को खेती के लिए चुनौती माना जाता था, उसी में वैज्ञानिक तकनीक के सहारे झींगा पालन का कारोबार तेजी से विस्तार ले रहा है। प्रदेश में मछली उत्पादन का क्षेत्र 6,800 एकड़ तक पहुंच चुका है।

दो फसल लेने वाले किसानों के क्षेत्र को शामिल करने पर यह दायरा करीब 10 हजार एकड़ हो जाता है। हर साल लगभग 30 हजार टन मछली उत्पादन हो रहा है। झींगा पालन की खासियत यह है कि किसान एक एकड़ से करीब तीन लाख रुपये तक कमाई कर सकते हैं। नर्सरी तकनीक से साल में दो फसल लेने पर यह कमाई छह से सात लाख रुपये तक पहुंचने की संभावना है। केंद्रीय मात्स्यिकी शिक्षा संस्थान, लाहली के वैज्ञानिकों के शोध ने हरियाणा में झींगा पालन की संभावनाओं को विस्तार दिया है। 

प्रदेश के कई क्षेत्रों में जमीन के नीचे मिलने वाला पानी खारा या क्षारीय है। ऐसे पानी में समुद्री झींगा पालन की संभावना तलाशना बड़ी चुनौती थी। वैज्ञानिकों ने पानी में मौजूद तत्वों का संतुलन सुधारने की तकनीक पर काम किया। सिरसा में करीब दो हजार एकड़ का बड़ा फार्म झींगा उत्पादन के विस्तार का उदाहरण है। वहीं बहुअकबरपुर के किसान यशपाल और लाहली के मछली पालक रिषीपाल जैसे किसान इस बदलाव के उदाहरण हैं।

किसान की बढ़ेगी कमाई

लाहली के वैज्ञानिक डा. सत्यप्रकाश के अनुसार, झींगा पालन में नर्सरी तकनीक अपनाकर किसान साल में दो फसल ले सकते हैं। हैचरी से लाए गए छोटे बीज यानी पोस्ट-लार्वा को सीधे बड़े तालाब में डालने के बजाय 15 से 45 दिन तक अलग नियंत्रित वातावरण में रखा जाता है। इस दौरान उनका आकार बढ़ता है और वे बड़े तालाब के वातावरण के अनुकूल हो जाते हैं। नर्सरी के लिए 500 से 2,000 वर्ग मीटर के छोटे तालाब अथवा 10 से 50 वर्ग मीटर के इनडोर टैंक का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News