उदयपुर के भूताला गांव में 11 हजार केवी लाइन पर चढ़े सरपंच, बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ अनोखा विरोध

 | 
bhutala Sarpanch

 

 

Udaipur Times, Udaipur News: ज़िले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र के भूताला गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के सरपंच मोहन सिंह राजपूत बिजली विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में 11 हजार केवी की हाई टेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गए। सरपंच के खंभे पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कुछ देर पहले ही 11 हजार केवी हाई टेंशन लाइन का तार टूटकर गांव के तालाब में गिर गया था। इस दौरान एक मासूम बच्ची करन्ट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर हाई टेंशन लाइन लंबे समय से हादसों का कारण बनी हुई है और कई बार इसकी शिकायत बिजली विभाग व प्रशासन से की जा चुकी है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में जिला कलेक्टर की रात्रि चौपाल में भी प्रमुखता से उठाया गया था। उस समय भी गांव से हाई टेंशन लाइन हटाने अथवा सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लगातार अनदेखी से नाराज सरपंच ने विरोध स्वरूप बिजली के खंभे पर चढ़कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों एवं प्रशासन को मौके पर बुलाया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है तथा लोग जर्जर हाई टेंशन लाइन को तत्काल हटाने की मांग कर रहे हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News