लेपर्ड पर पत्थर बरसा कर बचाई जान


लेपर्ड पर पत्थर बरसा कर बचाई जान

शहर के आवासीय क्षेत्र सेक्टर 7 की कृष्णा कॉलोनी में घटना 

 
leopard

उदयपुर 14 अप्रैल 2024 । शहर के आवासीय क्षेत्र सेक्टर-7 की कृष्णा कॉलोनी में रविवार अलसुबह एक व्यक्ति का लेपर्ड से सामना हो गया। लेपर्ड के अचानक सामने आने पर व्यक्ति पहले तो बुरी तरह घबरा गया लेकिन फिर उसने हिम्मत करते हुए लेपर्ड पर पत्थर बरसाए और उसे भगाकर खुद की जान बचाई। घटना रविवार अलसुबह करीब 5 बजे सेक्टर-7 से कच्ची बस्ती की तरफ जाने वाले कच्चे रोड की है।

यह रास्ता सुनसान और आसपास झाड़ियां हैं। पीड़ित नारायण नाथ ने बताया कि वे रोज की तरफ अलसुबह सब्जी का ठेला लेकर निकले थे। तभी अचानक सामने लेपर्ड आ गया। वह मेरी तरफ गुर्राने लगा और हमले के लिए आगे बढ़ा। उस वक्त अंधेरा था और आसपास बचाने वाला भी कोई नहीं था।

ऐसे में मैंने हिम्मत करते हुए पहले ठेले को उसके आगे किया तो ठेला खड्डे में गिर गया। फिर लेपर्ड पर पत्थर बरसाना शुरू किए तो वह वहां से भाग गया। तब जाकर राहत की सांस ली। इधर, इस घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। सूचना पर क्षेत्र में वन विभाग की टीम पहुंची और लेपर्ड को पकड़ने की तलाश में जुटी है।

लेपर्ड ने कुत्ते का किया था शिकार

दो दिन पहले भी शुक्रवार को सवीना स्थित आरकेपुरम कॉलोनी में लेपर्ड दिखाई दिया था। इससे पहले गुरुवार की रात करीब 2 बजे भी इसी कॉलोनी में लेपर्ड ने एक कुत्ते का शिकार किया था। एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हुई थी। इसके बाद वन विभाग ने वहां के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal