महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज की छात्रा सविता ने मारी बाजी, विश्वविद्यालय में हासिल किया पहला स्थान
Udaipur Times, Haryana News, हिसार : भिवानी रोहिल्ला स्थित महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज की B. com तृतीय वर्ष की छात्रा सविता ने गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय द्वारा घोषित B. com फाइनल ईयर के परीक्षा परिणामों में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इससे पहले सविता ने B. com चौथे सेमेस्टर में भी विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान हासिल किया था।
महाविद्यालय चेयरमैन भारत भूषण प्रधान ने सविता को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय छात्रा की मेहनत, अनुशासन और लगन को देते हुए शिक्षक एवं गैर-शिक्षक स्टाफ और छात्रा के अभिभावकों को भी शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्या डॉ. शमीम शर्मा ने कहा कि सविता की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने इसे निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। कॉलेज डायरेक्टर डॉ. नीलम प्रभा ने भी सविता और उसके माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य गांवों की बेटियों को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सफल बनाना है।
महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्या, शिक्षक-गैर शिक्षक स्टाफ और विद्यार्थियों ने सविता को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
