प्रशासन शहरों के संग अभियान का द्वितीय चरण शुरू
प्रशासन शहरों के संग अभियान के द्वितीय चरण में आज नगर विकास प्रन्यास में शिविर आयोजित किया गया। आगामी 25 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले इस चरण के प्रथम दिन 80 लोगों को पट्टे वितरित किये गए।

प्रशासन शहरों के संग अभियान के द्वितीय चरण में आज नगर विकास प्रन्यास में शिविर आयोजित किया गया। आगामी 25 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले इस चरण के प्रथम दिन 80 लोगों को पट्टे वितरित किये गए।
इस अवसर पर आयोजित समारोह के सम्बोधित करते हुए राजस्थान अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष दिनेश तरवाडी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशा अनुरूप वर्षो से कृषि भूमि पर काबिज लोगों को अब मालिकाना हक मिलने लगा है। उन्होंने आवश्यकता जताई कि नगर परिषद् एवं नगर विकास प्रन्यास सहित मुख्यमंत्री की सोच के अनुरूप अधिकारी एवं कर्मचारी सकारात्मक सोच के साथ अभियान को सफल बनाने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि वर्षो से भूमि पर काबिज अनुसूचित जाति, जनजाति एवं गरीब लोगों को स्टेट ग्रांट योजना के तहत मालिकाना हक दिलाएं।
समारोह को सम्बोधित करते हुए नगर विकास प्रन्यास के अध्यक्ष रूपकुमार खुराना ने कहा कि सरकार द्वारा प्रशासन शहरों के संग अभियान में 1999 से पूर्व भूमि पर काबिज लोगों को नियमानुसार पट्टे दिये जा रहे हैं।
समारोह को सम्बोधित करते हुए नगर परिषद् सभापति श्रीमती रजनी डांगी ने अधिकारियों से कहा कि वे इस अभियान के दौरान आयोजित हो रहे शिविरों को राहत शिविरों के रूप में आयोजित करें। उन्होंने पानेरियों की मादडी सहित अन्य कॉलानी वासियों को भी अभियान के दौरान पट्टे देने पर जोर दिया और कहा कि वर्षो से काबिज लोगों को बातचीत कर नियमानुसार पट्टे दिये जाने चाहिये।
इस अवसर पर जिला कलक्टर विकास एस.भाले ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार जवाबदेही,पारदर्शी एवं संवेदनशील होकर कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि प्रशासन गॉवों के संग अभियान की सफलता को देखते हुए उसी की तर्ज पर प्रशासन शहरों के संग अभियान प्रारम्भ किया है तथा अभियान के दौरान कई रियायतें प्रदान की गई है।
भाले ने कहा कि लोगों को अभियान के दौरान ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले इसके लिए नगर विकास प्रन्यास, नगर परिषद् एवं साथ महत्वपूर्ण विभागों में अभियान के दौरान कार्य सम्पादित होंगे। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे संवेदनशील होकर अभियान के दौरान लोगों को राहत पहुंचाएं। प्रारम्भ में नगर विकास प्रन्यास के सचिव डॉ. आर.पी.शर्मा ने लोगों से कहा कि अब भी यदि कोई व्यक्ति इस सम्बन्ध में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने कहा कि तृतीय चरण फॉलोअप के रूप में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि स्टेट ग्रांट के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के लिए वर्ष 1985 तथा सामान्य लोगों के लिए वर्ष 1965 से पूर्व जमीन पर काबिज होने के प्रमाण पत्र एवं साक्ष्य प्रस्तुत करने पर आवंटन पत्र देय होंगे।
80 लोगों को वितरित किये आवंटन पत्र-समारोह में अतिथियों ने उदयपुर शहर की गोपाल पार्क कॉलोनीवासियों के 80 लोगों को आवंटन पत्र वितरित किये। लोगो ने जताया मुख्यमंत्री का आभार-शिविर के दौरान वर्षो से भूमि का मालिकाना हक पाने के प्रयास करते रहे लेकिन उनकी खुशी का दिन बुधवार को आया जब उनके हाथों में आवंटन पत्र आए। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए अतिथियों का माल्यार्पण कर धन्यवाद ज्ञापित किया।