हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, हर घर में जलाया जाएगा ‘आशीर्वाद का दीया’
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, उनके जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का व्यापक जन अभियान होगा।
मुख्यमंत्री ने पंचकूला में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली, प्रवीण आत्रेय और भाजपा जिला प्रधान अजय मित्तल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 7 अक्तूबर, 2026 को कर्मयोगी, दूरदर्शी और यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की शासन के माध्यम से जनसेवा और राष्ट्र सेवा की ऐतिहासिक यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। लगातार 25 वर्षों से राष्ट्र के प्रति उनकी असाधारण, अविराम एवं समर्पित सेवाओं के लिए वे उन्हें नमन करते हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका यह 25 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी अध्याय है। उन्होंने कहा कि 7 अक्तूबर, 2001 को गुजरात के पुनर्निर्माण से प्रारंभ हुई उनकी विकास यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के विराट संकल्प का स्वरूप धारण कर चुकी है। यह 25 वर्षों की यात्रा किसी एक व्यक्ति की यात्रा नहीं, बल्कि भारत के बढ़ते आत्मविश्वास की यात्रा है। प्रधानमंत्री जी की इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उन्होंने सत्ता को सुख का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने राजनीति की कार्य-संस्कृति को बदलकर यह साबित किया है कि यदि नेतृत्व की नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और संकल्प मजबूत हो, तो आम नागरिक के जीवन में असाधारण परिवर्तन लाया जा सकता है।
हरियाणा से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव : 86 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा श्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि रहा है। इसलिए, हरियाणा से उनका विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के रूप में वे 18 बार हरियाणा आए हैं। इस दौरान उन्होंने हरियाणा को 86 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। इसके अलावा, पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी हरियाणा को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा को बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी हैं, उनमें वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रेल कोच रिपेयर फैक्ट्री, के.एम.पी. एक्सप्रेस-वे, के.जी.पी. एक्सप्रेसवे, बल्लभगढ़-मुजेसर, मुंडका-बहादुरगढ़, गुरुग्राम-सिकंदरपुर, फरीदाबाद-बल्लभगढ़ मेट्रो लिंक, रोहतक व कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, रोहतक-महम-हांसी रेलवे लाइन, रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर और झज्जर स्थित एम्स के परिसर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान, रेवाड़ी में एम्स जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। यही नहीं, हाल ही में उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भी जींद-सोनीपत रेलमार्ग पर किया है।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ : सेवा, संस्कार और जनभागीदारी का महाअभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा दिवस’ से होगा। इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे और शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। उन्होंने हरियाणा के प्रत्येक परिवार से आह्वान किया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अवश्य जलाएं। जब हर घर में सेवा और संकल्प का दीप जलेगा, तो पूरा हरियाणा प्रधानमंत्री के प्रति अपनी आत्मीयता और आभार की भावना से जगमगा उठेगा।
उन्होंने कहा कि आगामी 17 सितंबर से 7 अक्तूबर के बीच सभी विद्यालयों में चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार, प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की परिवर्तन यात्रा को 2 अक्तूबर को नुक्कड़ नाटकों, संगीत, संवाद और भावनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए गांव-गांव पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई जन-कल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में परिवर्तन आया है। उनकी कहानियां अक्सर सामने नहीं आ पातीं। इस दौरान, ऐसी अनकही कहानियां समाज के सामने लाई जाएंगी। आगामी 25 सितंबर से 7 अक्तूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें माताओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी होगी। इन कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान किया जाएगा। इसी प्रकार, ‘देश के 25 लाख नागरिकों की सच्ची परिवर्तन कथाएं आम लोगों के सामने लाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि गांवों और जिलों में अलग-अलग दिशाओं से पैदल यात्राएं और बाइक रैलियां भी निकाली जाएंगी।
प्रत्येक नागरिक समाज के लिए देगा कम से कम 25 मिनट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि विकसित भारत केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के योगदान से बनेगा। इसी भावना से एक अभियान चलाया जाएगा। इसमें सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक नागरिक समाज के लिए कम से कम 25 मिनट दे। कोई रक्तदान करे, कोई पौधारोपण करे, कोई स्वच्छता अभियान चलाए, कोई बुजुर्गों को डिजिटल तकनीक सिखाए और कोई जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाए। नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य और अंगदान के प्रति जागरूकता भी सेवा का माध्यम बन सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से उनकी वर्तमान कर्मभूमि वाराणसी तथा वाराणसी से वडनगर तक विशेष सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं 20 अलग-अलग टोलियों व मार्गों से लगभग 10 राज्यों से गुजरेंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। वहां केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी तथा लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की कला, संस्कृति और विकसित भारत के सपने को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूहों द्वारा रंगोली बनाई जाएंगी।
युवाओं और नव-प्रवर्तकों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम के तहत युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, पेशेवरों और जमीनी नव-प्रवर्तकों को मंच दिया जाएगा। यहां से चयनित इनोवेटर्स को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में भेजा जाएगा। वहां उनके नवाचारों का लाइव प्रदर्शन और डेमो होगा, युवा संवाद आयोजित किया जाएगा तथा सर्वश्रेष्ठ नवाचारों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का भव्य समापन 17 अक्तूबर को होगा। इसमें देशभर से लगभग सवा लाख सरपंच और अन्य जन-प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें हरियाणा के भी हजारों जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पूरे हुए हैं, लेकिन यह पड़ाव विराम नहीं—विकसित भारत के संकल्प की अगली शुरुआत है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें।
25 वर्ष सत्ता के नहीं, सेवा के; राजनीति के नहीं, राष्ट्रनीति के
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के मंत्र पर चलते हुए जो भी संकल्प लिया, उसे सिद्धि तक पहुंचाया है। आज उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंचों पर केवल अपनी बात रखने वाला राष्ट्र नहीं, बल्कि विश्व को दिशा देने वाला ‘विश्वमित्र’ बनकर उभरा है। यह परिवर्तन उनके दूरदर्शी, निर्णायक और राष्ट्रनिष्ठ नेतृत्व का परिणाम है। उनका मूलमंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ अंत्योदय तथा समावेशी विकास की राष्ट्रीय नीति बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की तपस्या, त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा उनके सेवा संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
गुजरात से देश तक : विकास और सुशासन की प्रेरणादायी यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नर्मदा परियोजना के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचाने का काम किया। उन्होंने ज्योति ग्राम योजना के माध्यम से गांव-गांव तक बिजली पहुंचाई और वाइब्रेंट गुजरात के माध्यम से राज्य को निवेश तथा उद्योग का बड़ा केंद्र बनाया। गुजरात की विकास दर और वहां अपनाया गया प्रशासनिक मॉडल देश के अन्य राज्यों के लिए प्रतिस्पर्धी विकास का उदाहरण बना। उन्होंने केवल गुजरात के शहरों का ही विकास नहीं किया, बल्कि गांवों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। गुजरात में स्थापित इसी विकास और सुशासन के मॉडल को उन्होंने वर्ष 2014 के बाद राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पद बदलते रहे, दायित्व बढ़ते रहे, परिस्थितियां बदलती रहीं, लेकिन एक संकल्प कभी नहीं बदला—राष्ट्र प्रथम।
‘फ्रेजाइल फाइव’ से विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भारत का उदय
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में निराशा का वातावरण था। सरकार निर्णय नहीं ले पा रही थी और नीतियां अटकी हुई थीं। दुनिया भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में गिनती थी। आज वही भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। यह बदलाव अपने आप नहीं आया। इसके पीछे प्रधानमंत्री का स्पष्ट विजन, निर्णायक नेतृत्व और 140 करोड़ भारतीयों के पुरुषार्थ पर अटूट विश्वास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला भारतीय नागरिक गर्व से यह कहता है कि वह भारत का नागरिक है। पहले विदेशों में हमारे नागरिकों को अपनी पहचान बतानी पड़ती थी, आज दुनिया भारतीय पासपोर्ट का सम्मान करती है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का ही प्रतिफल है।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर निर्णायक नीति : आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था, जब आतंकवाद की घटनाएं होती थीं और सरकारें केवल बयान देकर रह जाती थीं। आम नागरिकों के मन में आतंकवाद का डर रहता था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्पष्ट कर दिया कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमारी बाहरी और आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कार्रवाई की गई है। कभी 200 से अधिक जिले नक्सलवाद से प्रभावित माने जाते थे। आज ये जिले नक्सल प्रभाव से मुक्त होकर शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2016 में उरी हमले का जवाब भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक करके दिया। वर्ष 2019 में पुलवामा के बाद बालाकोट में हवाई हमला कर भारत ने यह संदेश दिया कि अब भारत की नीति केवल सहनशीलता की नहीं, निर्णायक जवाब की है और हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत ने एक बार फिर सिद्ध किया कि आतंकवाद के विरुद्ध हमारी नीति स्पष्ट, निर्णायक और अडिग है।
विकास के साथ विरासत और संस्कृति का पुनर्जागरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व करना भी सीखा है। भव्य व दिव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का कायाकल्प, सोमनाथ तीर्थ का विकास और महाकाल लोक का निर्माण भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। आज भारत अंतरिक्ष में भी अपनी शक्ति दिखा रहा है और अपनी हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता पर गर्व भी कर रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें गर्व है कि अब भारत दुनिया की बड़ी शक्तियों में शामिल हो गया है। एक समय था, जब भारत दुनिया से तकनीक मांगता था। आज प्रधानमंत्री के दूरदर्शी विजन के अनुरूप देश अपनी उन्नत तकनीक के बल पर न केवल मिसाइलें बना रहा है, बल्कि सूर्य यान, चंद्रयान और मंगलयान जैसे मिशन भी पूरे कर रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी दुनिया ने भारत की स्वदेशी तकनीक और हथियारों की ताकत देखी है।
गरीब कल्याण : 25 वर्षों की यात्रा, करोड़ों जीवनों में बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा कैलेंडर के पन्नों की नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के जीवन में आए बदलावों की यात्रा है। प्रधानमंत्री ने सरकार की योजनाओं के केंद्र में उस गरीब को रखा, जिसकी कभी सत्ता के गलियारों तक आवाज नहीं पहुंचती थी। उनके नेतृत्व और गरीब-कल्याण की सोच का ही परिणाम है कि लगभग 25 करोड़ देशवासी गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
उन्होंने कहा कि लगभग 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देकर यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी गरीब परिवार को भूखा न सोना पड़े। देश के 100 करोड़ से अधिक नागरिकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया है। लगभग 12 करोड़ शौचालय बनाकर गरीब परिवारों, विशेषकर माताओं-बहनों को स्वच्छता, सुरक्षा और सम्मान प्रदान किया गया है। गरीबों के लिए 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं। ये गरीब के आत्मसम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की गारंटी हैं। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान, जब बड़ी-बड़ी व्यवस्थाएं लड़खड़ा गई थी, तब प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत ने अपने नागरिकों को लगभग 200 करोड़ मुफ्त वैक्सीन डोज देने का अभूतपूर्व कार्य किया।
युवा शक्ति, स्टार्टअप और खेल : नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बन रहे युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश का युवा अवसरों की कमी और निराशा से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री जी ने युवा शक्ति को आशा, नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता से जोड़ा। स्टार्टअप इंडिया के कारण आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। हमारे युवा अब केवल नौकरी मांगने वाले हैं, बल्कि स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के माध्यम से रोजगार देने वाले ‘जॉब गिवर’ बनकर उभर रहे हैं। इसके अलावा, नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशे के विरुद्ध 10 करोड़ से अधिक युवाओं को जागरूक किया गया है। मेक इन इंडिया ने युवाओं को निर्माण और नवाचार के नए अवसर दिए हैं। खेलो इंडिया और फिट इंडिया ने खेलों को जन-आंदोलन बनाकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का मजबूत मंच तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 मई, 1996 को संसद में अपने विश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कहा था, “यह देश रहेगा, इस देश का लोकतंत्र अमर रहेगा।” प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा भी इसी भावना का विस्तार है, जहां सत्ता की राजनीति से ऊपर सदैव राष्ट्र रहा है। लोकतंत्र में सबसे बड़ी उपलब्धि पद पर बने रहना नहीं, जनता के विश्वास को लगातार अर्जित करना है।
महिला सशक्तीकरण : ‘वुमेन-लेड डेवलपमेंट’ से आर्थिक आत्मनिर्भरता तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले केवल महिला सशक्तिकरण की बात होती थी, लेकिन धरातल पर कुछ किया नहीं जाता था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘वुमेन-लेड डेवलपमेंट’ का मंत्र दिया। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से प्रारंभ हुई यह यात्रा आज 3 करोड़ लखपति दीदी के रूप में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता तक पहुंच चुकी है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने तीन तलाक जैसी कुप्रथा को अपराध घोषित कर मुस्लिम बहनों को न्याय और सम्मान का अधिकार दिया। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए डबल इंजन सरकार वाले उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू कर देश में यह मिसाल कायम की कि हर महिला को, चाहे वह किसी भी धर्म या समुदाय से हो, समान अधिकार मिलने चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना’ के तहत 7 करोड़ 30 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे सरकारी सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4 करोड़ 50 लाख से अधिक खाते खोले गए हैं, जिससे लिंगानुपात और उच्च शिक्षा में बड़ा सुधार हुआ है। देश के मान्यता प्राप्त 3 लाख से अधिक स्टार्टअप में से 48 प्रतिशत स्टार्टअप्स की कमान महिलाओं के हाथों में है। देश में 92 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। पी.एम. मुद्रा योजना के तहत महिलाओं को 17 लाख करोड़ रुपये के ऋण दिए गए हैं।
किसान कल्याण : कृषि को आधुनिक, समृद्ध और लाभकारी बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में भी ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं। कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंचाई, प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का प्रयास किया गया है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपये की वार्षिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। अब तक 4 लाख 50 हजार करोड़ रुपये की किसान सम्मान निधि दी जा चुकी है। पीएम फसल बीमा योजना के तहत 4 करोड़ 20 लाख किसानों को लाभ मिला है। E-NAM प्लेटफॉर्म पर 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की फसल बिक्री हुई है, जिससे 1 हजार 656 मंडियां और 1 करोड़ 80 लाख से अधिक किसान सीधे जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि देश के लगभग 8 करोड़ किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आसान और विश्वसनीय लोन की सुविधा मिल रही है। श्रीअन्न को वैश्विक पहचान मिलने से भारत पहली बार कृषि निर्यात में दुनिया के टॉप-10 देशों में शामिल हुआ है। पी.एम. मत्स्य संपदा योजना से देश में मछली उत्पादन वर्ष 2014-15 के 95 लाख टन से दोगुना होकर अब लगभग 2 करोड़ टन तक पहुंच गया है।