शिक्षा संघर्ष यात्रा 23 को करेगी जिले में प्रवेश
अखिल भारत शिक्षा अधिकार मंच द्वारा पूरे देश में पांच दिशाओं से निकाली जा
अखिल भारत शिक्षा अधिकार मंच द्वारा पूरे देश में पांच दिशाओं से निकाली जा रही शिक्षा संघर्ष यात्रा 23 नवम्बर को गुजरात से होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी, जिसका खेरवाड़ा में जागरूक युवा संगठन और शिक्षक संगठनों द्वारा स्वागत किया जायेगा। यह यात्रा 24 नवम्बर को प्रातः टाउनहाल पहुंचेगी, जहाँ शिक्षा अधिकार संघर्ष मंच,उदयपुर एवं विभिन्न जन संगठनों द्वारा स्वागत किया जायेंगा।
याकूब मोहम्मद ने बताया कि मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने के.जी. से पी.जी. तक पूर्णतः राज्य पोषित तथा समान व बेहतर शिक्षा के लिए पूरे देश में संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया है।इस कड़ी में 2 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक अखिल भारत शिक्षा संघर्ष यात्रा 2014 का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा उत्तर में कश्मीर, उत्तर पूर्व में मिजोरम, पूर्व में कलकत्ता, दक्षिण तमिल नाडु, तथा पश्चिम में महाराष्ट्र में रवाना हो कर विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से होती हुई भोपाल में सम्मिलित होगी।
महाराष्ट्र गुजरात से होती हुई शिक्षा संघर्ष यात्रा रतनपुर बोर्डर से दिनांक 23 नवम्बर 2014 को दक्षिणी राजस्थान में प्रवेश करेगी। उन्होंने बताया कि 23 नवम्बर 2014 को खेरवाड़ा में स्वागत और आम सभा के बाद सायंकाल कालीबाई चौराहा, डुंगरपुर में सभा होगी।
यह यात्रा 24 नवम्बर को उदयपुर के टाउनहाल में पहुंचेगी। इसके बाद सलूम्बर, प्रतापगढ़, धरियावाद होती हुई 27 नवम्बर को निम्बाहेड़ा और चितौड पहुंचकर 28 नवम्बर को नीमच में जाकर मध्यप्रदेश की यात्रा से जुड जाऐगी। यात्रा की तैयारी व स्वागत हेतु ’शिक्षा में बदलाव हेतु संघर्ष तेज करो‘ विषयक पर्चा बांटा जा रहा है तथा खेरवाड़ा में जागरूक युवा संगठन ने पन्द्रह दिन तक 80 गांवों में शिक्षा यात्रा निकालकर संघर्ष तेज करने की अलख जगाई है।
