महज़ तीन सौ रूपये बकाया मांगने पर गोली मारी
महज़ तीन सौ रूपये हिसाब के बकाया मांगने पर हिरणमगरी थाना क्षेत्र के पानेरियों की मादड़ी में परशुराम चौराहे पर एक हिस्ट्रीशीटर ने चाय का ठेला लगाने वाले भंवरलाल मेनारिया को गोली मार दी। गोली लगने से भंवरलाल मेनारिया ज़ख़्मी हो गया। गोली मेनारिया के पैर में लगी।

उदयपुर 8 अक्टूबर 2019 । महज़ तीन सौ रूपये हिसाब के बकाया मांगने पर हिरणमगरी थाना क्षेत्र के पानेरियों की मादड़ी में परशुराम चौराहे पर एक हिस्ट्रीशीटर ने चाय का ठेला लगाने वाले भंवरलाल मेनारिया को गोली मार दी। गोली लगने से भंवरलाल मेनारिया ज़ख़्मी हो गया। गोली मेनारिया के पैर में लगी।
हिरणमगरी पुलिस थानाधिकारी हनुवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि सुखेर थाने के हिस्ट्रीशीटर चीरवा निवासी दीपक ने पानेरियों की मादड़ी स्थित परशुराम चौराहे पर चाय का ठेला लगाने वाले भंवरलाल मेनारिया को चाय के पिछला बकाया तीन सौ रुपया मांगने पर भंवरलाल के पैर में गोली मार दी।
बताया जाता है की हिस्ट्रीशीटर दीपक और उसका दोस्त किशनलाल मेनारिया, भंवरलाल के ठेले पर चाय पीने गया। दीपक पर पिछले एक साल से चाय का 300 रूपए का हिसाब बकाया चल रहा था। दीपक ने भंवरलाल से चाय मांगी। भंवरलाल ने पहले पिछला 300 रूपए का हिसाब चुकाने के लिए कहा। इस पर दीपक ने भंवरलाल से झगड़ा किया और धमकाते हुए जेब से पिस्टल निकालकर उसके पैर में गोली मार दी।
पुलिस ने बताया की घटना के बाद दीपक और किशन मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने भंवरलाल को अस्पताल पहुंचाया। हिरणमगरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
