हरियाणा में 100 एकड़ जमीन पर यहां बनेगा साईलो गोदाम, जाने क्या मिलेगा फायदा ?

 | 
हरियाणा में 100 एकड़ जमीन पर यहां बनेगा साईलो गोदाम, जाने क्या मिलेगा फायदा ?

Udaipur Times, Haryana News, चण्डीगढ : सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल कौशिक ने कहा कि अम्बाला शाहबाद बेल्ट पर किसानों के अनाज भण्डारण सुविधा के लिए 100 एकड़ भूखण्ड पर स्टील साईलो गोदाम का प्रस्ताव तैयार किया गया है जिसे जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा। इसके अलावा यमुनानगर में भी साईलो गोदाम का कार्य निर्माणाधीन है जिस पर तेजी से कार्य चल रहा है।

सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल कौशिक ने हरियाणा राज्य वेयर हाउसिंग कारपोरेशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि साईलो गोदामों में अनाज नवीनतम तकनीकी से भण्डारण किया जाता है जो पूर्ण रूप से सुरक्षित रहता है। इसलिए सरकार द्वारा साईलो गोदाम बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों का अधिक से अधिक अनाज लम्बे समय तक सुरक्षित रहे। इसके लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

चेयरमैन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस वर्ष बजट में लगभग 3 लाख मीट्रिक टन क्षमता के अनाज का भण्डारण करने के लिए गोदाम बनाने की घोषणा की थी। इस पर निगम द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा 180.05 करोड़ रुपए की लागत से 2 लाख 30 हजार 508 एमटी के नए गोदाम बनाने तथा एक लाख 43 हजार 664 एमटी के गोदामों का नवीनीकरण करने की योजना तैयार की गई है। इस पर 110.68 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इस प्रकार 290.73 करोड़ रुपए की राशि नए गोदाम बनाने और पुराने गोदामों के जीर्णोद्वार पर खर्च की जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे प्रदेश के गोदामों का पाक्षिक एवं मासिक निरीक्षण सुनिश्चित करें ताकि अनाज को सुरक्षित रखा जा सके और एक भी दाना खराब न हो। उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान केन्द्रीय पूल में अन्य राज्यों की अपेक्षा अधिक अनाज भेजने का कार्य करता है।    

श्री कौशिक ने बताया कि निगम द्वारा गत वर्ष प्रदेश की 86 मण्डियों के माध्यम से 10.32 लाख मीट्रिक टन धान की एमएसपी पर खरीद की गई। इसके अलावा पिछले सालों में बाजरा एवं गेहूं की भी खरीद की गई। उन्होंने बताया कि 124 स्थलों पर 28.30 लाख एमटी क्षमता के गोदामों में अनाज का भण्डारण किया जा रहा है। इसमें 19.15 लाख एमटी निगम के गोदाम तथा 5.45 लाख एमटी प्राईवेट गोदाम शामिल है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News