सिरसा CIA पुलिस ने पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर को दो साथियों सहित किया गिरफ्तार, 3 अवैध पिस्तौल समेत ये सामान बरामद
Udaipur Times, Haryana News, सिरसा : जिला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब की कुख्यात बच्चा गैंग के सक्रिय गैंगस्टर को उसके दो साथियों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, 81 जिंदा कारतूस और 6 लाख रुपए की ब्लैक मनी बरामद की है।
डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे । पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । उन्होंने बताया कि मामला जैसे ही पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में आया उन्होंने सीआईए सिरसा की टीम को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डबवाली रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक फॉर्च्यूनर गाड़ी (एचआर-22-एम-0014) में सवार तीन युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं और किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, 81 जिंदा कारतूस तथा 6 लाख रुपए की नकदी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी नकदी और हथियारों के संबंध में लाईसेंस व परमिट पेश करने को कहा गया तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने सभी सामान कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा निवासी छोटी बामनिया, चंडीगढ़ रोड, लुधियाना (पंजाब), विकास देहड़ निवासी जोड़कियां, जिला सिरसा तथा अंकुश निवासी मंगाली, जिला हिसार के रूप में हुई है।

डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा पंजाब की बच्चा गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, फिरौती, धमकी समेत करीब 40 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पीछले 13 सालों से पंजाब की जेल में बंद है और फिलहाल पैरोल पर बाहर आया हुआ था।
शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि वह अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था । पुलिस तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई चेन,बरामद नकदी के स्रोत, गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित आपराधिक साजिश के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है तथा मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

