डबोक में अपहरण और मारपीट के मामले में छह गिरफ्तार
पीड़ित पर घर के बाहर हमला कर अगवा किया गया, कार और लूट का सामान बरामद
उदयपुर 12 जनवरी 2026 - डबोक पुलिस थाना क्षेत्र में अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कुल छह आरोपियों में से एक महिला सहित सभी आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, परिवादी धर्मनारायण पुत्र जेतराम, निवासी धुणी माता थाना डबोक, जिला उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे निर्भय सिंह, रूपेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, गुलाब कुंवर निवासी मीठानीम सहित 10 से 12 अन्य लोग हथियार लेकर उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने उसे घर के बाहर बुलाया और उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद आरोपी उसे जबरन अपनी सफेद कार में डालकर अपहरण कर मीठानीम ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। बाद में उसे एकलिंगनाथजी (चौराहा) के जंगलों में ले जाकर भी उसके साथ मारपीट की गई।
इस संबंध में थाना डबोक में प्रकरण संख्या 02/2026 धारा 115(2), 126(2), 189(2), 140(3) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं सहायक पुलिस अधीक्षक मावली सुश्री आशीमा वासवानी के सुपरविजन में थानाधिकारी डबोक हुकम सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आसूचना और तकनीकी सहायता से 12 जनवरी 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार और लूट का सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले 4 जनवरी 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी देवेंद्र सिंह पुत्र निर्भय सिंह और गुलाब कुंवर पति निर्भय सिंह, दोनों निवासी आंबातलाई मीठानीम, कुराबड़ जिला उदयपुर हैं। वर्तमान में गिरफ्तार आरोपियों में रूपेंद्र सिंह पुत्र निर्भय सिंह, निर्भय सिंह, मनोहर सिंह और विक्रम सिंह शामिल हैं, जो सभी डबोक थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।