हरियाणा में छह नर्सिंग अधिकारी निलंबित, महानिदेशक ने जारी किए आदेश

 | 
हरियाणा में छह नर्सिंग अधिकारी निलंबित, महानिदेशक ने जारी किए आदेश

Udaipur Times, Haryana news  : सेक्टर-6 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में 35 वर्षीय आशीष कुमार की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इलाज में लापरवाही के आरोपों के बाद छह नर्सिंग अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

हालांकि, किसी डॉक्टर का नाम शामिल नहीं है। ऐसे में नाराज परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए थी। दूसरी ओर, अब नर्सिंग स्टाफ में भी रोष है। महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा डॉ. मनीष बंसल के 16 नवंबर को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार सभी छह कर्मचारियों को 12 नवंबर से निलंबित किया है। इनमें वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी मोनिका और नर्सिंग अधिकारी रेणु बाला, पूजा, अजय, सुनील, मनजीत शामिल हैं।

आदेश के अनुसार मोनिका, रेणु बाला और पूजा का अस्थायी मुख्यालय नागरिक अस्पताल अंबाला शहर बनाया गया है। जबकि अजय, सुनील और मनजीत का मुख्यालय नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट निर्धारित किया है। निलंबन अवधि में सभी निर्वाह भत्ते के हकदार होंगे। हरियाणा सिविल सेवाएं (दंड व अपील) नियमावली 2016 के नियम-7 के तहत आरोप तय करने का निर्णय भी लिया है।

अस्पताल में हृदय रोगी की मौत का मामला

11 अक्टूबर की रात 35 वर्षीय हृदय रोगी आशीष कुमार की अस्पताल में मौत हो गई थी। परिजनों को जांच कमेटी के सामने इमरजेंसी की सीसीटीवी कैमरों फुटेज दिखाई गई थी। इसके अनुसार रात 2:18 बजे आशीष खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा था। छाती में दर्द के चलते उसने ईसीजी कराई। बावजूद उसे बेड या स्ट्रेचर देने के बजाय तीसरी मंजिल पर हार्ट सेंटर जाने को कहा गया। लिफ्ट बंद थी और सीढ़ियों पर कबाड़ पड़ा था।

आशीष रैंप से ऊपर जाते समय गिर गया और मौत हो गई। परिजनों ने रैंप और संबंधित मंजिल की सीसीटीवी फुटेज मांगी थी। प्रबंधन ने बताया था कि इस हिस्से की रिकॉर्डिंग 15 दिन में अपने आप डिलीट हो जाती है, जबकि इमरजेंसी की फुटेज का बैकअप छह महीने तक रहता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News