लाल डोरा की संपत्तियों के बनेंगे स्मार्ट PVC कार्ड, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

 | 
लाल डोरा की संपत्तियों के बनेंगे स्मार्ट PVC कार्ड, सरकार ने लिया बड़ा फैसला 

Udaipur Times, Delhi News : दिल्ली सरकार राजधानी के लाल डोरा क्षेत्रों में स्थित संपत्तियों का आधुनिक, पारदर्शी और सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राजस्व विभाग की बैठक में ‘स्वामित्व’ (सर्वे ऑफ विलेज एंड मैपिंग विद इम्प्रूवाइज्ड टेक्नोलॉजी इन विलेज एरिया) योजना की प्रगति की समीक्षा की।

योजना के तहत संपत्तियों का सर्वेक्षण कर डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा और पात्र निवासियों को क्यूआर कोड युक्त स्मार्ट पीवीसी प्रॉपर्टी कार्ड जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 48 गांव योजना में शामिल हैं, जिनमें 30 गांवों का सर्वे पूरा हो चुका है तथा उनके अंतिम प्रॉपर्टी कार्ड तैयार कर लिए गए हैं। इससे संपत्ति रिकॉर्ड अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब इन कार्डों में डिजिटल हस्ताक्षर जोड़ने और स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि अब तक 12,232 संपत्तियों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। इनमें से 8,423 संपत्तियां विवाद-मुक्त हैं, जो कुल सर्वेक्षित संपत्तियों का लगभग 69 प्रतिशत हैं और इनके स्मार्ट प्रॉपर्टी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

पारदर्शी प्रबंधन की ओर बड़ा कदम : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘स्वामित्व’ योजना के तहत दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति प्रबंधन को डिजिटल, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जा रहा है। क्यूआर कोड युक्त स्मार्ट प्रॉपर्टी कार्ड से नागरिकों को सुरक्षित रिकॉर्ड मिलेगा, जबकि संपत्ति संबंधी प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक सरल, तेज और पारदर्शी होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए भाजपा सरकार लगातार काम कर रही है।

ड्रोन सर्वे से डिजिटल रिकॉर्ड तक की प्रक्रिया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना के तहत सबसे पहले लाल डोरा क्षेत्र की सीमाओं का चिन्हांकन किया जाता है। इसके बाद पूरे गांव का हवाई सर्वे किया जाता है। फिर राजस्व विभाग के अधिकारी जमीन पर जाकर ड्रोन सर्वे के नक्शे का मिलान करते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News