Solar System : 2.5 लाख घरों में लगेंगे मुफ्त सोलर पैनल, जाने कैसे मिलेगा लाभ ?
Udaipur Times, PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana : गरीब और वंचित परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनने की राह में बिहार सरकार की ओर से “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को बड़े स्तर पर लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार की इस योजना के अंतर्गत बिहार के 38 जिलों में 58 लाख बीपीएल (BPL) परिवारों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा ग्रीन एनर्जी अभियान होगा, जिससे लाखों परिवारों को मुफ्त और स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
पहले चरण में 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू
बिहार सरकार ने इस योजना के पहले चरण में 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को लंबे समय तक सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। सरकार का कहना है कि आने वाले समय में इस योजना का विस्तार बड़े पैमाने पर किया जाएगा और धीरे-धीरे अधिक से अधिक परिवारों को इसके दायरे में लाया जाएगा।
बिहार के 25 लाख घरों तक सोलर पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य अगले चरणों में 25 लाख घरों तक मुफ्त सोलर बिजली की सुविधा पहुंचाना है। इसके साथ ही केंद्र सरकार के सहयोग से भी इस योजना को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि योजना के तहत तय समयसीमा में कार्य पूरा किया जाए। सरकार का लक्ष्य है कि 20 नवंबर 2026 तक कम से कम 2.5 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल पूरी तरह स्थापित हो जाएं। वहीं केंद्र सरकार ने 31 मार्च तक 4.82 लाख घरों को सोलर सिस्टम से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है।
योजना के लिए पात्रता शर्तें एक बार देख लें-
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा जो कुछ शर्तें पूरी करते हैं—
आवेदक बिहार का नागरिक होना चाहिए
घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए
परिवार पहले से किसी अन्य सोलर योजना का लाभ न ले रहा हो
घर में वैध बिजली कनेक्शन होना जरूरी है
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग पात्र हैं
छोटे व्यवसायिक संस्थान भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं
बिहार देश का सबसे अधिक बिजली सब्सिडी देने वाला राज्य
मुख्यमंत्री के अनुसार साल 2005 तक बिहार में केवल 17 लाख बिजली कनेक्शन थे, जो अब बढ़कर 2.22 करोड़ हो चुके हैं। राज्य सरकार वर्तमान में घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली भी दे रही है। सरकार का दावा है कि बिहार देश का सबसे अधिक बिजली सब्सिडी देने वाला राज्य बन चुका है, जहां लगभग 23,000 करोड़ रुपये सालाना बिजली सब्सिडी पर खर्च किए जा रहे हैं।
बिजली मांग में तेजी से वृद्धि
राज्य में बिजली की मांग में भी बड़ा बदलाव देखा गया है। पहले जहां बिजली आपूर्ति 400 से 500 मेगावाट तक सीमित थी, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 9000 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। यह बढ़ती मांग राज्य में औद्योगिक और घरेलू विकास का संकेत माना जा रहा है।
बिहार में उर्जा क्रांति की दिशा में बड़ा कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना बिहार में ऊर्जा क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे न केवल गरीब परिवारों का बिजली खर्च कम होगा, बल्कि राज्य में ग्रीन एनर्जी को भी बढ़ावा मिलेगा। सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से भविष्य में बिजली पर सरकारी बोझ कम होगा और लोग आत्मनिर्भर बनेंगे।
