जल्द यहां होंगे 10 एयरपोर्ट ! हर 150 KM पर बनेगी एयरस्ट्रिप, लोगों को मिलेंगी 4 बड़ी सुविधाएं
Udaipur Times, New Delhi : मप्र में आम लोगों के सफर, धार्मिक पर्यटन और आपातकालीन इलाज के लिए हवाई नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। राज्य सरकार की नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हर 150 KM पर एयरपोर्ट, हर 75 KM पर हवाई पट्टी और हर 45 KM पर हेलीपैड तैयार करने की योजना है। फिलहाल प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 से ज्यादा एयरस्ट्रिप और 220 हेलीपैड हैं।
वर्ष 2023-24 तक प्रदेश में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और खजुराहो में केवल 5 एयरपोर्ट थे। इसके बाद रीवा, दतिया और सतना को जोड़कर यह संख्या 8 हुई। अब उज्जैन और शिवपुरी में काम पूरा होते ही प्रदेश में कुल 10 एयरपोर्ट हो जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।
10 नई एयरस्ट्रिप : उड़ान योजना के तहत 10 एयरस्ट्रिप विकसित करने का प्रस्ताव है। इनमें सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल शामिल हैं।
आम नागरिक के काम की 4 बड़ी सुविधाएं
1. गंभीर मरीजों के लिए...
मुफ्त सेवा: आयुष्मान कार्डधारकों को गंभीर बीमारी या सड़क हादसे की स्थिति में प्रदेश के भीतर और बाहर के अस्पतालों तक पूरी तरह मुफ्त ले जाया जाता है।
प्रक्रिया: मरीज को ले जाने के लिए जिला कलेक्टर और प्रदेश के बाहर भेजने के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालक की अनुमति जरूरी है।
गैर-आयुष्मान मरीज: इन्हें प्रदेश के सरकारी अस्पताल तक मुफ्त सेवा मिलती है, जबकि प्रदेश से बाहर तय सरकारी दरों पर यह सुविधा दी जाती है। अब तक 186 मरीजों व दुर्घटना पीड़ितों को इसका लाभ मिल चुका है।
2. सिंहस्थ: उज्जैन के दताना-मताना में उतरेंगे बड़े विमान
सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन के दताना-मताना एयरपोर्ट का विकास उड़ान 5.2 योजना के तहत हो रहा है। पहले चरण में 1,800 मीटर रनवे बन रहा है, जिसे बढ़ाकर 2,700 मीटर किया जाएगा। इससे बड़े यात्री विमान उतर सकें।
3. दुबई के बाद अब इंदौर से अबूधाबी की सीधी उड़ान शुरू
दुबई के बाद अब इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हो चुकी है। यह नई विमानन नीति के तहत राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान है। महज सवा 3 घंटे में यह सफर पूरा होगा।
4. धार्मिक-हेरिटेज टूरिज्म के लिए हेलीकॉप्टर सेवा
आध्यात्मिक पर्यटन के लिए इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर, हेरिटेज के लिए भोपाल-चंदेरी-ओरछा और वाइल्डलाइफ के लिए जबलपुर-मैहर-चित्रकूट-कान्हा-बांधवगढ़ सेक्टर तय किए गए हैं। बुकिंग: चंदेरी और ओरछा में जॉय राइड की सुविधा भी है। टिकट flyola.in और transbharat.in से की जा सकती है।
PPP मॉडल पर 3 साल के अनुबंध पर 6 सीटों वाले सिंगल व ट्विन इंजन हेलीकॉप्टर संचालित हैं। अब तक 5,200 से ज्यादा यात्री इसका लाभ ले चुके हैं और 600 से अधिक जॉय राइड हो चुकी हैं।