SpaceX Share Buying Guide : भारतीय निवेशक कैसे खरीद सकते हैं स्पेसएक्स के शेयर? आइए जाने
Udaipur Times, How to buy SpaceX shares : एलन मस्क की कंपनी SpaceX का प्रस्तावित शेयर बाजार दुनिया के सबसे चर्चित संभावित आईपीओ में से एक है। यह निवेशकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर रहा है। लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ आईपीओ की नहीं, बल्कि एक नई तकनीक Tokenised IPO की भी हो रही है, जो आम निवेशकों को बेहद कम रकम से बड़ी कंपनियों में निवेश का अवसर देने का दावा करती है।
क्या है Tokenised IPO?
टोकनाइजेशन (Tokenisation) एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें किसी वास्तविक संपत्ति (Real World Asset) के स्वामित्व या उससे जुड़े अधिकारों को डिजिटल टोकन में बदला जाता है। ये टोकन ब्लॉकचेन नेटवर्क पर खरीदे और बेचे जा सकते हैं। शेयर बाजार के संदर्भ में, एक डिजिटल टोकन किसी कंपनी के शेयर में हिस्सेदारी या उसके मूल्य से जुड़े एक्सपोजर का प्रतिनिधित्व कर सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि निवेशक पूरे शेयर की बजाय उसका छोटा हिस्सा (Fractional Ownership) भी खरीद सकते हैं।
सिर्फ 10 डॉलर से निवेश का दावा
क्रिप्टो एक्सचेंज Bybit ने हाल ही में "IPO Express" प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसके जरिए निवेशकों को SpaceX जैसे बड़े आईपीओ में टोकनाइज्ड एक्सपोजर देने की योजना है। इस मॉडल में वास्तविक शेयरों को कस्टडी में रखा जाता है और उनके बदले 1:1 अनुपात में ब्लॉकचेन आधारित टोकन जारी किए जाते हैं। निवेशक Stablecoin के माध्यम से निवेश कर सकते हैं और बाद में टोकन प्राप्त कर सकते हैं, जिन्हें सेकेंडरी मार्केट में ट्रेड भी किया जा सकता है।
क्यों चर्चा में है SpaceX?
विशेषज्ञों के अनुसार SpaceX का संभावित आईपीओ इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी करीब 75 अरब डॉलर जुटाने और लगभग 1.77 ट्रिलियन डॉलर के मूल्यांकन के लक्ष्य के साथ बाजार में उतर सकती है। SpaceX के साथ उसकी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों की संभावनाएं भी जुड़ी हैं, जिससे निवेशकों का उत्साह और बढ़ गया है।
आम निवेशकों के लिए क्या बदलेगा?
अब तक बड़े आईपीओ में शुरुआती निवेश का मौका मुख्य रूप से संस्थागत निवेशकों, हेज फंड्स और अमीर निवेशकों को मिलता था। आम निवेशक अक्सर लिस्टिंग के बाद ही शेयर खरीद पाते थे।
Tokenised IPO इस बाधा को कम करने का दावा करता है। इसके जरिए:
कम राशि से निवेश संभव
Fractional Ownership की सुविधा
24x7 ट्रेडिंग की संभावना
विदेशी ब्रोकरेज खाते की जरूरत कम
वैश्विक कंपनियों तक आसान पहुंच
क्या टोकन खरीदने का मतलब शेयर मालिक बनना है?
यहीं सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सभी Tokenised IPO समान नहीं होते। कुछ प्लेटफॉर्म वास्तविक शेयरों के समर्थन वाले टोकन जारी करते हैं, जबकि कुछ केवल शेयर की कीमत को ट्रैक करने वाले डिजिटल उत्पाद उपलब्ध कराते हैं। ऐसी स्थिति में निवेशक को वोटिंग अधिकार मिलेंगे या नहीं? डिविडेंड का हक होगा या नहीं? कंपनी की जानकारी तक पहुंच होगी या नहीं? इन सभी बातों को समझना जरूरी है।
भारतीय कैसे कर सकते हैं निवेश?
भारतीय निवेशकों के लिए यह मॉडल वैश्विक कंपनियों में निवेश का नया रास्ता खोल सकता है। हालांकि नियामकीय और कर (Tax) संबंधी चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। कुछ नियमों के दायरे में रहकर अमेरिकी शेयर मार्केट में निवेश कर सकते हैं।
1. अमेरिकी ब्रोकरेज अकाउंट के जरिए
आप बीएसई या एनएसई के जरिए अमेरिकी शेयर नहीं खरीद सकते। इसके लिए आपको अमेरिकी ब्रोकरेज अकाउंट बनाना होता है। इसका तरीका इस प्रकार है:
भारत में ऐसी कई ऐप हैं जिनके जरिए आप अमेरिकी शेयर मार्केट में निवेश कर सकते हैं। इसमें INDmoney, Groww, Appreciate आदि प्रमुख हैं।
इनमें से कोई भी ऐप अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड करें और PAN व आधार कार्ड के जरिए केवाईसी पूरी करें। अपने किसी भी बैंक का अकाउंट जोड़े।
अब अपने बैंक अकाउंट से ऐप के वॉलेट में पैसे डालें। ऐप के जरिए ही इस रकम को डॉलर में बदल लें।
जब ऐप में रकम डॉलर के रूप में दिखाई देने लगे तो सर्च बार में स्पेसएक्स का शेयर (SPCX के नाम से) सर्च करें। अब आपको जितने शेयर खरीदने हैं, खरीद सकते हैं।
आप चाहें तो एक पूरा शेयर ना खरीदकर उसका थोड़ा सा हिस्सा (बिटकॉइन जैसी क्रिप्टोकरेंसी की तरह) भी खरीद सकते हैं।
इसी तरह आप सिर्फ स्पेसएक्स ही नहीं, किसी दूसरी अमेरिकी कंपनी का भी शेयर खरीद सकते हैं।
2. GIFT City के जरिए निवेश
आप गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक (GIFT) सिटी के जरिए भी स्पेसएक्स का शेयर खरीद सकते हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि आप जिस ब्रोकर या फाइनेंशियल संस्थान के जरिए निवेश स्पेसएक्स में निवेश करना चाहते हैं, उसके पास अमेरिका के लिस्टेड स्टॉक का एक्सेस होना चाहिए। GIFT सिटी के जरिए निवेश इस प्रकार करें:
GIFT सिटी ब्रोकर के साथ अमेरिकी स्टॉक ट्रेडिंग अकाउंट खोलें।
इसके बाद PAN कार्ड, आधार कार्ड, इनकम प्रूफ, एड्रेस प्रूफ और बैंक अकाउंट डिटेल भरें।
ब्रोकर के नियमानुसार अपने बैंक अकाउंट से GIFT सिटी इन्वेस्टमेंट अकाउंट में रकम ट्रांसफर करें।
अब स्पेसएक्स या जिस कंपनी का शेयर खरीदना चाहते हैं, उसे उसके सिंबल या कंपनी के नाम से सर्च करें।
जितने शेयर खरीदना चाहते हैं उतने शेयर का ऑर्डर दें और ट्रेडिंग शुरू करें।
इन बातों ध्यान रखना भी जरूरी
भारत से अमेरिकी शेयरों में निवेश आरबीआई की Liberalised Remittance Scheme (LRS) द्वारा नियंत्रित होता है।
वर्तमान में निवासी भारतीय साल में अधिकतम 2,50,000 अमेरिकी डॉलर ही निवेश कर सकता है।
इनकम टैक्स नियमों के तहत विदेशी निवेश पर टीसीएस लग सकता है। साथ ही कैपिटल गेन्स पर भारत में टैक्स भी देना होता है।
