हरियाणा HTET परीक्षा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए इन रूटों पर चलेगी स्पेशल बसें, देखें समय सारणी
Udaipur Times, Haryana News, फरीदाबाद : उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में 04 जुलाई, 2026 को सायं 3:00 बजे से 5:30 बजे तक पीजीटी (लेवल-3) की परीक्षा आयोजित होगी। वहीं 05 जुलाई, 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक टीजीटी (लेवल-2) तथा सायं 3:00 बजे से 5:30 बजे तक पीआरटी (लेवल-1) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। उपायुक्त कार्यालय, फरीदाबाद के कक्ष संख्या-213 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 0129-2227934 रहेगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा एवं समय पर परीक्षा केंद्रों तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों की संख्या एवं परीक्षा केंद्रों के स्थान को ध्यान में रखते हुए बल्लभगढ़ रूट तथा एनआईटी रूट से विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। इन बसों के माध्यम से परीक्षार्थी निर्धारित समय पर सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकेंगे।
उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा के दिन अनावश्यक जल्दबाजी से बचने के लिए समय से पहले घर से निकलें तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई परिवहन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी परीक्षार्थी को मार्ग में किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़े अथवा किसी अपरिहार्य कारण से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में विलंब होने की आशंका हो, तो वह तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकता है। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की टीमें ऐसे मामलों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहेंगी, ताकि किसी भी पात्र अभ्यर्थी को केवल परिवहन संबंधी कठिनाई के कारण परीक्षा से वंचित न होना पड़े।
