Udaipur Times, Railway News : हरियाणा और राजस्थान के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कुरुक्षेत्र से फुलेरा के बीच स्पेशल अनारक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
गाड़ी संख्या 04745-04746 का संचालन 18 नवंबर से 22 नवंबर तक कुल 4-4 फेरे (ट्रिप) के लिए किया जाएगा।
14 कोच वाली इस ट्रेन के शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों और खाटू श्याम जी (रींगस) जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
बता दें कि हरियाणा को राजस्थान से जोड़ने वाली ये मुख्य ट्रेन बुधवार रात 11:30 बजे से संचालित होगी। हर साल रेलवे की तरफ से स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाता है।
जनरल टिकट पर स्लीपर कोच में यात्रा की सुविधा
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में 14 आईसीएफ कोच लगाए गए हैं। इनमें 8 स्लीपर श्रेणी के कोच शामिल हैं जिन्हें पूरी तरह अनारक्षित घोषित किया गया है। इसके अलावा 4 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच होंगे।
पूरी तरह अनारक्षित होने के कारण यात्रियों को पहले से सीट बुक करवाने की आवश्यकता नहीं होगी, वे स्टेशन के टिकट काउंटर से साधारण अनारक्षित टिकट लेकर सीधे यात्रा कर सकेंगे।