हरियाणा में स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स की स्थापना, मुख्यमंत्री ने दी ये जानकारी
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में प्रस्तावित हरियाणा स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स (FoF) को लेकर सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 हजार करोड़ रुपये के कोष के साथ प्रस्तावित फंड को क्रियान्वित करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की गई तथा प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में लगातार हो रही प्रगति को देखते हुए स्टार्टअप्स को उनके विकास के विभिन्न चरणों में वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के लिए एक मजबूत वित्तीय तंत्र तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स की सफलता में समय पर पूंजी की उपलब्धता एक महत्वपूर्ण कारक है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि हरियाणा स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स की स्थापना और संचालन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फंड प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने, निजी पूंजी को आकर्षित करने तथा हरियाणा से उभर रहे उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप्स को सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने फंड को जल्द से जल्द क्रियान्वित करने और इसके निर्धारित उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से हासिल करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान हरियाणा वेंचर कैपिटल फंड को लेकर भी कई पहलुओं पर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक डॉ. यश गर्ग, सीए श्रीमती रश्मी खेतरपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।